मसूरी: भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव ने अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ मसूरी के प्रतिष्ठित सवॉय होटल में शाही अंदाज में विवाह रचाया। पहाड़ों की रानी मसूरी में आयोजित इस भव्य समारोह का जश्न देर रात तक चलता रहा, जिसमें क्रिकेट और आध्यात्मिक जगत की कई चर्चित हस्तियों ने शिरकत की।
शादी समारोह में क्रिकेटर रिंकू सिंह, युजवेंद्र चहल, सुरेश रैना, मोहम्मद कैफ, टीम इंडिया के फील्डिंग कोच टी. दिलीप, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रिया सरोज सहित कई खास मेहमान मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं देते हुए इस खास मौके को यादगार बनाया।
सोशल मीडिया पर छाया दूल्हा-दुल्हन का लुक
शादी के बाद से ही कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा का वेडिंग लुक सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। अपने खास दिन पर कुलदीप यादव पारंपरिक भारतीय परिधान में नजर आए और उन्होंने शेरवानी पहन रखी थी। वहीं उनकी दुल्हन वंशिका लाल रंग के खूबसूरत लहंगे में बेहद आकर्षक दिखीं। दोनों का शाही अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है और उनकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
दोस्तों ने शादी में जमकर किया एंजॉय
कुलदीप यादव की शादी में उनके करीबी दोस्त और क्रिकेटर भी काफी उत्साहित दिखे। युजवेंद्र चहल शुरुआत से ही शादी के कार्यक्रमों में शामिल रहे, जबकि तिलक वर्मा खासतौर पर बारात में शामिल होने के लिए मसूरी पहुंचे। दोनों खिलाड़ियों ने समारोह में जमकर डांस किया, जिनके डांस वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
मंगेतर के साथ पहुंचे रिंकू सिंह
क्रिकेटर रिंकू सिंह अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ शादी में शामिल होने मसूरी पहुंचे। दोनों को शादी के विभिन्न कार्यक्रमों में एक साथ देखा गया। रिंकू सिंह ने कुलदीप यादव की बारात में भी हिस्सा लिया और शादी से जुड़ी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिन्हें फैंस ने काफी पसंद किया।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दिया आशीर्वाद
बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी इस शादी में शामिल हुए और नवदंपति को आशीर्वाद दिया। कुलदीप यादव उनके भक्त माने जाते हैं और अक्सर बागेश्वर धाम जाते रहते हैं। इस अवसर पर शास्त्री ने कुलदीप यादव को एक पटका भेंट किया और उनके परिवार से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं।
सवॉय होटल में भव्य इंतजाम
मसूरी के सवॉय होटल को इस खास शादी के लिए बेहद आकर्षक तरीके से सजाया गया था। हल्दी, मेहंदी, कॉकटेल और बारात समेत सभी कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई थीं। मेहमानों के लिए उत्तराखंडी पारंपरिक व्यंजनों का विशेष प्रबंध किया गया था। होटल को फूलों और रोशनी से सजाया गया, जिसने पूरे समारोह को और भी भव्य बना दिया। सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई थी।
लखनऊ में होगा ग्रैंड रिसेप्शन
मसूरी में विवाह संपन्न होने के बाद अब 17 मार्च को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में खेल, राजनीति और अन्य क्षेत्रों की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।




