UKSSSC Paper leak: खालिद ने कुबूली साजिश। जानिए कैसे हुआ पेपर लीक 

देहरादून/हरिद्वार। रिपोर्ट- नीरज उत्तराखंडी 
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में हुए पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।

गिरफ्तार मुख्य आरोपी खालिद मलिक ने पूछताछ में मान लिया है कि पूरी साजिश उसी ने रची थी। उसने मोबाइल फोन के जरिए प्रश्नपत्र परीक्षा कक्ष से बाहर भेजा, हालांकि पुलिस के अनुसार वह उत्तर देख पाने में सफल नहीं हो सका।

असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन पर भी शक की सुई

पेपर लीक केस में टिहरी की असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि वह गवाह के तौर पर सामने आएंगी, लेकिन पूरे घटनाक्रम में उनका नाम होने के कारण वह शक के दायरे में भी बनी रहेंगी।

ऐसे रची गई थी पेपर आउट की साजिश

खालिद लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था, लेकिन बार-बार मामूली अंकों से चयन से चूक जाता था। इसी निराशा में उसने नकल करने का प्लान बनाया

  • उसने टिहरी की असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन से संपर्क किया, जो प्रतियोगी परीक्षाओं को हल करने में दक्ष मानी जाती थीं।
  • खालिद ने अपनी बहन साबिया को भी साजिश में शामिल किया। योजना के अनुसार, खालिद परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र की फोटो बहन को भेजता और साबिया इन्हें सुमन तक पहुंचातीं। जवाब लेकर वही उत्तर खालिद तक पहुंचाने थे।

मोबाइल सेंटर तक कैसे पहुंचा?

पुलिस जांच में सामने आया कि परीक्षा से एक दिन पहले खालिद ने आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज, बहादुरपुर जट (हरिद्वार) स्थित सेंटर की रेकी की। नई बिल्डिंग निर्माणाधीन थी, जिसका फायदा उठाकर उसने शाम को वहां घुसकर अपना iPhone 12 Mini ईंटों और घास के बीच छिपा दिया।
21 सितंबर की सुबह परीक्षा से पहले उसने वही मोबाइल निकाल लिया और कक्ष में ले गया। परीक्षा शुरू होते ही उसने प्रश्नपत्र के तीन पन्नों की फोटो खींचकर बाथरूम जाने के बहाने अपनी बहन को भेजे।

क्यों फेल हुई साजिश?

साबिया ने तुरंत फोटो सुमन को भेजे और उत्तर मांगे। लेकिन खालिद को कक्ष निरीक्षक ने दोबारा बाथरूम जाने की अनुमति नहीं दी। नतीजतन वह उत्तर नहीं देख पाया और अपनी समझ से OMR शीट भर दी।

सोशल मीडिया पर कैसे लीक हुआ पेपर?

परीक्षा के बाद खालिद घर लौटा और थोड़ी देर में सोशल मीडिया पर वही प्रश्नपत्र की तस्वीरें सामने देख घबरा गया। वह बहन और मोबाइल लेकर फरार हो गया।

रास्ते में उसने सिम कार्ड तोड़े, मोबाइल रीसेट किया और एक फोन ट्रेन के डस्टबिन में फेंक दिया। दिल्ली और लखनऊ होते हुए वह वापस हरिद्वार लौटा और देहरादून में सरेंडर की तैयारी कर रहा था, तभी पुलिस और STF ने उसे दबोच लिया

पुलिस की पूछताछ और बरामदगी

खालिद को रायपुर थाने लाकर घंटों पूछताछ की गई और गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से वह मोबाइल भी बरामद हुआ जिससे प्रश्नपत्र की तस्वीरें भेजी गई थीं।

फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इससे पहले पुलिस उसकी बहन साबिया को भी गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता सामने नहीं आई है।

Read Next Article Scroll Down

Related Posts