मंदिर के बाहर नमाज पर बवाल: रुद्रपुर में मारपीट के आरोप, वीडियो वायरल

रुद्रपुर/हरिद्वार: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एक धार्मिक स्थल के बाहर नमाज अदा करने को लेकर विवाद सामने आया है. प्राचीन अटारिया मंदिर परिसर के बाहर नमाज पढ़ रहे एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज […]

रुद्रपुर/हरिद्वार:

उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एक धार्मिक स्थल के बाहर नमाज अदा करने को लेकर विवाद सामने आया है. प्राचीन अटारिया मंदिर परिसर के बाहर नमाज पढ़ रहे एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

 

क्या है रुद्रपुर का मामला?

 

जानकारी के मुताबिक, रेशमबाड़ी निवासी शाहिद पुत्र मोहम्मद जान मंदिर के समीप निर्माणाधीन मकान में राजमिस्त्री का काम कर रहा है. रमजान के दौरान वह काम के बीच मंदिर परिसर के बाहर एक स्थान पर नमाज अदा कर रहा था.

 

शाहिद का आरोप है कि मंदिर के प्रबंधक अरविंद शर्मा ने उसे वहां नमाज पढ़ने से रोका. इसके बाद कहासुनी हुई और मामला कथित रूप से मारपीट तथा अभद्र भाषा तक पहुंच गया. घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

 

घटना के बाद शाहिद अपने समुदाय के लोगों के साथ सिडकुल चौकी पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी. पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजकर चिकित्सीय परीक्षण कराया है.

 

मंदिर प्रबंधन का पक्ष

 

मंदिर प्रबंधक अरविंद शर्मा का कहना है कि शाहिद कई दिनों से मंदिर के बाहर नमाज पढ़ रहा था और उसे पहले भी मना किया गया था. उनका आरोप है कि मंगलवार को भी समझाने पर उसने अपशब्द कहे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया.

 

पुलिस की कार्रवाई

 

पंतनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदन सिंह रावत ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है.

 

एसपी (क्राइम कंट्रोल) जितेंद्र चौधरी ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. वीडियो की पड़ताल की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

 

 

रुड़की में भी मारपीट का वीडियो वायरल

 

इसी बीच हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में भी एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो धनौरी बाजार का बताया जा रहा है, जिसमें तीन से चार युवक एक व्यक्ति को दुकान से बाहर निकलते ही सड़क पर घेरते और हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं. आसपास मौजूद लोग मूकदर्शक बने नजर आ रहे हैं.

 

बताया जा रहा है कि 24 फरवरी को जस्वावाला गांव से एक बारात भोगपुर गांव गई थी. बारात के दौरान दोनों गांवों के युवकों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसे मौके पर शांत करा दिया गया था. बाद में धनौरी बाजार में मारपीट की घटना हुई, जो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.

 

पिरान कलियर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में है और जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read This

बड़ी खबर: पांवटा साहिब सीमा पर अभी भी तैनात पुलिस और अधिकारी। डीएम और एसएसपी भी ले रहे जायजा

देहरादून, 26 जून। नीरज उत्तराखंडी  पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड की ओर आने का प्रयास कर रहे निहंग सिख समुदाय को लेकर उत्पन्न...

बिग ब्रेकिंग: हरिद्वार भूमि घोटाले में IAS अधिकारी के घर समेत कई ठिकानो पर विजलेंस की छापेमारी

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड के चर्चित हरिद्वार नगर निगम 54 करोड़ रुपये भूमि घोटाले में विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जांच का दायरा तेज कर...

Related Posts