भराड़ीसैंण में आज से उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र, गैरसैंण में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

गैरसैंण, 9 मार्च 2026।

उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज 9 मार्च से ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) स्थित विधानसभा भवन में शुरू हो रहा है। सत्र को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रदेश की राजनीति का केंद्र एक बार फिर गैरसैंण बन गया है।

 

सत्र से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के मंत्री, सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायक गैरसैंण पहुंच चुके हैं। वहीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण और राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) भी बजट सत्र में भाग लेने के लिए भराड़ीसैंण पहुंच गए हैं। सभी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से शिष्टाचार मुलाकात की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में भी भाग लिया, जिसमें सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गई।

 

दूसरी ओर विपक्ष भी पूरी तैयारी के साथ सत्र में हिस्सा लेने पहुंचा है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी सहित अन्य कांग्रेसी विधायक गैरसैंण पहुंच चुके हैं। कांग्रेस का कहना है कि बजट सत्र के दौरान जनहित से जुड़े कई मुद्दों को सदन में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

 

विधानसभा परिसर को सत्र के लिए विशेष रूप से सजाया गया है। मुख्य प्रवेश द्वार पर आकर्षक डिजाइन का गेट तैयार किया गया है और परिसर को लेजर लाइटों से सजाया गया है। उद्यान विभाग की ओर से सजावटी पौधे लगाए गए हैं, जबकि क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों की मरम्मत भी कराई गई है। आसपास की सड़कों और दीवारों पर भी रंग-रोगन किया गया है।

 

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके में कड़े इंतजाम किए गए हैं। कई स्थानों पर बैरियर स्थापित किए गए हैं और उनके आसपास करीब 100 मीटर के क्षेत्र में कंटीले तारों की घेराबंदी कर दोहरी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। दिवालीखाल, भराड़ीसैंण, विधानसभा परिसर, कालीमाटी, दुगमुतासैंण और जंगलचट्टी में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

 

9 मार्च से 13 मार्च तक चलने वाले इस बजट सत्र पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं। इस दौरान पेश होने वाले बजट से प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं और आने वाले समय की विकास योजनाओं की दिशा स्पष्ट होगी।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts