Uttarakhand News: दिवाली पर मिलेगी 24 घंटे बिजली । हेल्पलाइन सुविधा भी जारी 

देहरादून। दीपावली पर प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने पूरी तैयारी कर ली है। दिवाली की रात घरों और बाजारों में रोशनी बनी रहे, इसके लिए यूपीसीएल ने 24 घंटे की “जगमग योजना” लागू की है।

यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि इस समय प्रदेश में बिजली की दैनिक मांग करीब 4.6 करोड़ यूनिट चल रही है, जबकि आपूर्ति भी लगभग इतनी ही है। दीपावली के दिन बिजली की मांग बढ़कर 5 करोड़ यूनिट से अधिक पहुंचने की संभावना है। इसके लिए यूपीसीएल ने पहले से ही पर्याप्त बिजली की व्यवस्था कर ली है और जरूरत पड़ने पर बाजार से अतिरिक्त बिजली खरीदने की योजना बनाई गई है।

 दिवाली पर बिजली सप्लाई पर होगी चौकस निगरानी

एमडी अनिल कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि दिवाली के दौरान हर पल बिजली आपूर्ति की मॉनिटरिंग की जाए। यदि कहीं भी आपूर्ति बाधित होती है, तो सूचना तुरंत उपखंड अधिकारी से लेकर अधीक्षण अभियंता और मुख्यालय तक पहुंचनी चाहिए।

इसके लिए यूपीसीएल मुख्यालय में विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पूरे प्रदेश की विद्युत स्थिति पर रीयल-टाइम नजर रखी जाएगी।

ट्रांसफार्मर फूंका तो मिनटों में बदलेगा

त्योहारों के दौरान ट्रांसफार्मर फुंकने जैसी आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए यूपीसीएल ने सभी खंडों में ट्रॉली ट्रांसफार्मर की उपलब्धता सुनिश्चित की है। किसी भी क्षेत्र में तकनीकी खराबी या ओवरलोडिंग की स्थिति में ट्रॉली ट्रांसफार्मर तुरंत लगाया जाएगा ताकि बिजली आपूर्ति न्यूनतम समय में बहाल की जा सके।

शिकायत के लिए 1912 हेल्पलाइन और ईमेल सुविधा

बिजली आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए उपभोक्ता सीधे हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, शिकायतें [email protected] पर ई-मेल के माध्यम से भी दर्ज कराई जा सकती हैं।

यूजेवीएनएल भी पूरी तरह तैयार

दूसरी ओर, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVNL) ने भी दीपावली के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।

यूजेवीएनएल के एमडी डॉ. संदीप सिंघल ने सभी हाइड्रो प्रोजेक्ट्स के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अधिकतम विद्युत उत्पादन के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। सभी हाइड्रो यूनिट्स पर विशेष टीमें तैनात रहेंगी ताकि यूपीसीएल को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा सके।

दीपावली पर “नो पावर कट” मिशन

यूपीसीएल का लक्ष्य है कि दीपावली के दिन राज्यभर में एक भी क्षेत्र में पावर कट न हो। इसके लिए सभी तकनीकी और आपात टीमें तैयार रखी गई हैं। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे अनावश्यक बिजली लोड न बढ़ाएं और विद्युत उपकरणों का जिम्मेदारी से उपयोग करें।

Read Next Article Scroll Down

Related Posts