देहरादून: वरिष्ठ पत्रकार और अपनी सादगी एवं शालीनता के लिए मशहूर राकेश खंडूरी का बुधवार रात निधन हो गया। उनके जाने से पूरे पत्रकारिता जगत के साथ ही सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में गहरा शोक है।
मिली जानकारी के अनुसार, राकेश खंडूरी जी की बुधवार को बाईपास सर्जरी हुई थी। डॉक्टरों ने सर्जरी को सफल बताया था, लेकिन देर रात अचानक उन्हें अटैक आया। गंभीर स्थिति में वे बच नहीं सके और देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
पत्रकारिता जगत को दिया अमूल्य योगदान
राकेश खंडूरी लंबे समय से पत्रकारिता से जुड़े हुए थे और देहरादून के पत्रकार समाज की एक सशक्त आवाज माने जाते थे। उनकी लेखनी जहां तीखी और प्रभावशाली थी, वहीं उनका व्यक्तित्व उतना ही सौम्य और सरल था।
वे हमेशा युवा पत्रकारों को मार्गदर्शन देते रहते थे और पत्रकारिता में मूल्यों की पैरवी करते थे। उनकी इसी विशेषता की वजह से वे न केवल पत्रकारों बल्कि आम जनता और राजनीतिक क्षेत्र में भी सम्मानित व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे।
सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि की बाढ़
वरिष्ठ पत्रकार के निधन की खबर मिलते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। तमाम पत्रकारों, नेताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को अमूल्य बताया।
पत्रकारिता जगत को गहरा आघात
राकेश खंडूरी के निधन से पत्रकारिता जगत को एक ऐसी क्षति हुई है जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनकी सादगी, शालीनता और मार्गदर्शन की कमी हमेशा महसूस की जाएगी।



