मोरी।4 सितंबर 2025/नीरज उत्तराखंडी
जनपद उत्तरकाशी के विकास खंड मोरी के सुदूरवर्ती गांव फिताड़ी में मंगलवार शाम एक महिला पशु चराते समय भूस्खलन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई।
सड़क मार्ग बंद होने के कारण उन्हें समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका, जिसके बाद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी क्षेत्र विधायक विधायक दुर्गेश लाल को दी तो उन्होंने घटना की गम्भीरता को देखते हुए शासन से बात की और घायल महिला को उनके प्रयासों से हेलिकॉप्टर से ऋषिकेश एम्स पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, 52 वर्षीय इंद्रमणि देवी पत्नी गंगा सिंह मंगलवार शाम को अपने पशुओं को चराने जंगल गई थीं। इसी दौरान भारी बारिश के बीच भूस्खलन हुआ और वह पत्थरों की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गईं।
ग्रामीणों और परिजनों ने किसी तरह उन्हें गांव तक पहुंचाया लेकिन आपदा के कारण जखोल-फिताड़ी मोटर मार्ग कई जगह मलबा आने से बंद था,जिससे उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना मुश्किल हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, ग्राम प्रधान कृष्णा राणा और जयचंद रावत ने बुधवार सुबह विधायक दुर्गेश लाल को घटना की जानकारी दी। विधायक ने तुरंत प्रशासन से हेलिकॉप्टर की मांग की और उनके प्रयासों से एक हेली सेवा की व्यवस्था की गई।



