देहरादून। उत्तराखंड नर्सिंग महासंघ ने सोमवार को राजपुर रोड विधायक खजान दास से मुलाकात कर राज्य की नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और सीनियरिटी आधारित नियुक्तियों की मांग उठाई। महासंघ ने इस दौरान 1000 नए नर्सिंग पदों के सृजन की भी मांग रखते हुए ज्ञापन सौंपा।
महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के हरिद्वार और पिथौरागढ़ जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को देखते हुए यहां 480 नर्सिंग पदों पर त्वरित भर्ती प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में सीनियरिटी को प्राथमिकता दी जाए ताकि राज्य के योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके और साथ ही प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत हों।
विधायक खजान दास ने महासंघ की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और भरोसा दिलाया कि इन्हें उचित मंच पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में वर्षवार भर्ती प्रक्रिया लागू करना जरूरी है ताकि योग्य युवाओं को समय पर अवसर मिल सके और बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों को राहत मिले।
इस अवसर पर महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर, प्रवक्ता राजेंद्र कुकरेती, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रवेश रावत, सदस्य अखिलेश सेमवाल सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



