देहरादून, 21 सितम्बर 2025: उत्तराखंड में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 अधिकारियों और कर्मचारियों को इस वर्ष सड़क सुरक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा। इनमें देहरादून के सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह का नाम भी शामिल है।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारी और कर्मचारी
अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने बताया कि जिलों से मिले प्रस्तावों और समिति की संस्तुति पर निम्न अधिकारियों एवं कर्मियों का चयन किया गया है:
- अल्मोड़ा धारा नौला चौकी प्रभारी आनंद बल्लभ कश्मीरा
- एसएसपी कार्यालय अल्मोड़ा के कांस्टेबल विनोद सिंह कुंवर
- आपदा प्रबंधन विभाग अल्मोड़ा के मास्टर ट्रेनर आलोक वर्मा
- प्राथमिक विद्यालय खारासोत, टिहरी गढ़वाल के सहायक अध्यापक राजेंद्र सिंह रुक्मिणी
- सिटी मजिस्ट्रेट देहरादून प्रत्यूष सिंह
- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून से जुड़े समाजसेवी उमेश्वर सिंह रावत
- एसएल होंडा देहरादून की मैनेजर मोनिका
- एम्स ऋषिकेश के डॉ. मधुर उनियाल
- सामूहिक श्रेणी में परिवहन आयुक्त कार्यालय देहरादून के कर्मचारी सुमित ढुल और अक्षत बडोला
सभी सम्मानित व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र और 11-11 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान
- आरक्षी विनोद कुंवर वर्ष 2018 से लगातार दुर्घटनाओं के दौरान तत्परता से कार्य करते आए हैं और सड़क सुरक्षा को लेकर सात साल से अलर्ट हैं।
- मास्टर ट्रेनर आलोक वर्मा पिछले 15 वर्षों से गांव-गांव जाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
- आनंद बल्लभ कश्मीरा ने अल्मोड़ा में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए वॉलंटियर टीम बनाई। उन्होंने स्कूलों में अभियान चलाए और हेलमेट व सीट बेल्ट के लिए लोगों को प्रेरित किया। इस साल उन्होंने 1475 चालान किए और 250 लोगों पर शराब पीकर गाड़ी चलाने पर कार्रवाई की।
सरकार का उद्देश्य
सड़क सुरक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार का उद्देश्य यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देना, आम जनता को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना और सड़क सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना है।



