शादी से पहले छाया मातम, सितारगंज में डंपर की टक्कर से 23 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन ने एक परिवार की खुशियों को पल भर में शोक में बदल दिया। गांव मैदना, न्यूरिया (पीलीभीत) निवासी 23 वर्षीय अमर सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना ऐसे समय हुई जब उनके घर में बड़े भाई की शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं।

 

जानकारी के अनुसार, अमर सिंह अपने 14 वर्षीय चचेरे भाई गौतम सिंह के साथ बाइक से हल्द्वानी मंडी गए थे। बुधवार को हल्द्वानी से लौटते समय गांव सिसौना, कल्याणपुर के समीप पीछे से आ रहे तेज गति के डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जोरदार भिड़ंत के बाद बाइक असंतुलित होकर गिर गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।

 

हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उप जिला अस्पताल, सितारगंज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि गौतम की हालत नाजुक देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया है।

 

परिजनों के अनुसार, अमर अविवाहित थे और रुद्रपुर स्थित सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी में कार्यरत थे। 23 फरवरी को उनके बड़े भाई राहुल सिंह का विवाह तय था। घर में मेहमानों का आगमन हो चुका था और शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। विवाह से जुड़े सामान की व्यवस्था के सिलसिले में ही अमर हल्द्वानी गए थे। वापसी के दौरान यह हादसा हो गया, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

 

सितारगंज कोतवाली के एसआई सुरेंद्र सिंह दानू ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए खटीमा भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी के पकड़े जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

फिलहाल, मृतक पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts