उत्तरकाशी, 23 अप्रैल 2026। चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है।
इसी अभियान के तहत नौगांव पुलिस बैरियर पर पुलिस टीम ने स्कूटी से स्मैक की तस्करी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 4.09 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद पुलिस चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार सक्रिय है। एक ओर यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नशे और अपराध पर रोक लगाने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट श्री चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पुरोला के नेतृत्व में चौकी नौगांव पुलिस टीम ने बीती रात नौगांव पुलिस बैरियर पर वाहनों की जांच के दौरान स्कूटी संख्या UK 10A 9364 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में स्कूटी सवार दो युवकों के पास से 4.09 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सिकेंदर उर्फ सिकू पहले भी स्मैक तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद से पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
अब पुलिस आरोपियों के नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किन क्षेत्रों में और किन लोगों को नशे की सप्लाई करते थे।
गिरफ्तार आरोपी:
1. सिकेंदर उर्फ सिकू पुत्र राजूलाल, निवासी ग्राम कंसोला, थाना पुरोला, उत्तरकाशी (31 वर्ष)
2. अक्षय पुत्र हुकुम दास, निवासी मुंगरा गांव, थाना पुरोला, उत्तरकाशी (22 वर्ष)
बरामदगी:
- 4.09 ग्राम स्मैक (हेरोइन)
- स्कूटी संख्या UK 10A 9364
गिरफ्तारी टीम:
- उपनिरीक्षक भूपेन्द्र रावत, प्रभारी चौकी नौगांव
- कांस्टेबल जितेन्द्र राय
- कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार
पुलिस का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




