देहरादून। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देहरादून जिले के विकासनगर-त्यूणी हटाल मोटर मार्ग पर फिडिज पुल के समीप एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रक विकासनगर से फाइबर ईंटों को लेकर मोरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान फिडिज पुल के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में गिर गया। हादसा इतना भयानक था कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
SDRF और पुलिस ने किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही SDRF, थाना त्यूणी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। खड़ी चढ़ाई और कठिन परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद मृतक के शव को स्ट्रेचर के जरिए सड़क तक लाया गया और पुलिस को सौंप दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक चालक की पहचान विपिन सिंह (30 वर्ष), मोरी जिला उत्तरकाशी के रूप में हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
उत्तराखंड में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और गति सीमा का पालन करें।




