सियासत: चुनाव से पहले BJP का बड़ा दांव। अपने पाले में किए कई कांग्रेस दिग्गज 

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस दोनों ही दल अपना कुनबा बढ़ाने में जुटे हैं।

इसी क्रम में देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक बड़े सदस्यता कार्यक्रम में कांग्रेस के कई नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

भाजपा में शामिल होने वालों में लक्ष्मी राणा (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष), मीना शर्मा (वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महिला कांग्रेस और पूर्व चेयरमैन, रुद्रपुर नगर पालिका), दर्शन लाल आर्य (पूर्व विधायक प्रत्याशी, घनसाली) सहित कई प्रमुख चेहरे शामिल रहे। सभी नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा। इस दौरान उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर और फूल मालाओं से स्वागत किया गया।

मुख्यालय में दिखी हलचल, सदस्यता अभियान में तेजी

देहरादून में भाजपा मुख्यालय में सुबह से ही सदस्यता अभियान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे और नए सदस्यों को जोड़ने के लिए सक्रिय नजर आए।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सदस्यता अभियान के जरिए पार्टी सरकार और संगठन के कामों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

कांग्रेस पर साधा निशाना, और बड़े शामिल होने के संकेत

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने का काम कर रही है, जिसका खामियाजा उसे चुनाव में भुगतना पड़ेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि जल्द ही कांग्रेस के और कई बड़े नेता भाजपा में शामिल होने वाले हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि भाजपा पूरी तरह तैयार है और तीसरी बार राज्य में सरकार बनाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन भाजपा के साथ है और पार्टी एक बार फिर जीत दर्ज करेगी।

Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts