बड़ी खबर: फर्जी नाम से दोस्ती कर नाबालिग को होटल ले गया युवक। दुष्कर्म के आरोप में पोक्सो मुकदमा दर्ज

त्यूणी, 25 मई।रिपोर्ट-नीरज उत्तराखंडी 

तहसील क्षेत्र त्यूणी में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने सोशल मीडिया पर फर्जी नाम और पहचान के जरिए पहले नाबालिग से दोस्ती की और फिर उसे मिलने के बहाने त्यूणी बुलाकर होटल में ले गया, जहां उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,तहसील क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने थाना त्यूणी में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग बेटी की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “अंश राणा” नाम से एक युवक से पहचान हुई थी। युवक ने खुद को हिंदू समुदाय का बताकर लड़की से लगातार बातचीत की और शनिवार को उसे त्यूणी मिलने के लिए बुलाया।

बताया जा रहा है कि त्यूणी पहुंचने पर युवक ने एक स्थानीय सब्जी व्यापारी की मदद से होटल में कमरा लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि सब्जी व्यापारी के नाबालिग बेटे की आरोपी युवक से पहले से पहचान थी। इसी आधार पर युवक को होटल में ठहरने में मदद मिली।

इधर जब नाबालिग देर रात तक घर नहीं पहुंची तो परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए परिजन त्यूणी पहुंचे, जहां एक होटल में उनकी बेटी आरोपी युवक के साथ मिली। परिजनों के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिजन नाबालिग को अपने साथ घर ले गए, जहां उसने बताया कि होटल में युवक ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

रविवार को पुलिस ने मामले में सब्जी व्यापारी के नाबालिग बेटे से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी का वास्तविक नाम “अनस” है और उसने सोशल मीडिया पर फर्जी नाम का इस्तेमाल किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है।

थानाध्यक्ष अश्वनी बलूनी ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि पछुवादून क्षेत्र में पिछले चार दिनों के भीतर इस प्रकार का यह तीसरा मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

त्यूणी बाजार में धरना-प्रदर्शन, पुतला दहन

मामले को लेकर सोमवार को त्यूणी क्षेत्र में लोगों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। राकेश उत्तराखंडी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों के नेतृत्व में त्यूणी बाजार में धरना-प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने बाजार में एकत्र होकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में शामिल लोगों ने प्रशासन से पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता न्याय चाहती है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय लोगों ने सभी क्षेत्रवासियों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए आंदोलन में सहयोग और सहभागिता की अपील की। प्रदर्शन के दौरान बाजार क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts