दर्दनाक हादसा: 50 मीटर गहरी खाई में गिरा पानी का टैंकर। चालक की मौत

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पानी के टैंकर चालक की मौत हो गई। गज्जी बैंड के पास पानी से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मसूरी झील से पानी भरकर लौट रहा था टैंकर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे टैंकर संख्या UA07-L-4065 मसूरी झील से पानी भरकर मसूरी की ओर आ रहा था। इसी दौरान गज्जी बैंड के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

मृतक चालक की पहचान अक्षय असवाल पुत्र प्रेम सिंह असवाल निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। हादसे के समय टैंकर पूरी तरह पानी से भरा हुआ था।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद टैंकर मालिक साहेब सिंह थापली भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई जगह तीखे मोड़, संकरी सड़कें और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर क्रैश बैरियर, चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts