पिथौरागढ़, 2 जून 2026: जनकल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पिथौरागढ़ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सभागार में 25 सूत्रीय कार्यक्रम की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कूड़ा पृथक्करण में पिथौरागढ़ की बेहतर प्रगति
बैठक में शहरी विकास विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 96 प्रतिशत से अधिक इकाइयों से स्रोत स्तर पर कूड़ा संग्रहण किया जा रहा है, जबकि करीब 87 प्रतिशत इकाइयों में कूड़ा पृथक्करण की व्यवस्था लागू हो चुकी है। इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्रों और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
पार्किंग परियोजनाओं में 80% से अधिक कार्य पूरा
जनपद में चल रही पार्किंग विकास परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न परियोजनाओं में 80 प्रतिशत से अधिक भौतिक प्रगति दर्ज की गई है। स्वीकृत बजट के सापेक्ष अधिकांश धनराशि का उपयोग भी किया जा चुका है।
निराश्रित पशुओं के संरक्षण पर संतोष
पशुपालन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि कैटल पाउंड व्यवस्था के तहत निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल कर लिए गए हैं। चिन्हित निराश्रित पशुओं को गोशालाओं तक पहुंचाने की प्रक्रिया पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर फोकस
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए डीएम ने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
अतिक्रमण, राजस्व वाद और नशा मुक्ति अभियान की भी समीक्षा
राजस्व विभाग द्वारा प्रमाण पत्र निर्गमन, न्यायिक एवं राजस्व वादों के निस्तारण, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, राजस्व प्राप्ति, प्रवर्तन कार्यवाहियों और नशा मुक्ति अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए।
डिजिटल गवर्नेंस पर विशेष जोर
बैठक में ई-ऑफिस प्रणाली, सरकारी परिसंपत्तियों के डिजिटलीकरण और डिजिटल इन्वेंटरी निर्माण की समीक्षा भी की गई। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि डिजिटल गवर्नेंस से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम का सख्त संदेश
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि 25 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत निर्धारित लक्ष्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और जनहित से जुड़े कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें
👉 बड़ी खबर: उत्तराखंड में अब हाइब्रिड वाहनों पर भी लगेगा ग्रीन सेस! प्रस्ताव तैयार, मंत्रिमंडल की मुहर बाकी
👉 दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई से गंगा में समाई इनोवा। 3 शव बरामद, 4 लोग अब भी लापता
👉 LUCC चिटफंड घोटाला: ₹800 करोड़ घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन। मुंबई से दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार




