नैनीताल, 3 जून 2026।रिपोर्ट-कमल जगाती
उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। तल्लीताल क्षेत्र में एक 32 वर्षीय युवक ने कथित रूप से पारिवारिक तनाव और वैवाहिक विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार, तल्लीताल के हरिनगर निवासी दीपक आर्या (32 वर्ष) नगर पालिका में कार्यरत थे। बुधवार को उन्होंने अपने घर के कमरे में छत से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सात साल पहले हुई थी शादी, संतान न होने से बढ़ा तनाव
बताया जा रहा है कि दीपक आर्या का विवाह करीब सात वर्ष पहले हुआ था। परिजनों के अनुसार लंबे समय तक संतान न होने के कारण पति-पत्नी के रिश्तों में पिछले तीन वर्षों से तनाव बना हुआ था। पारिवारिक कलह के चलते दीपक मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार तनाव के कारण वह अवसादग्रस्त रहने लगे थे और धीरे-धीरे शराब की लत के शिकार हो गए थे।
दीपक दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनका छोटा भाई और बहन दोनों विवाहित हैं। उनकी माता एक सरकारी विद्यालय में भोजन माता के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनके पिता का कुछ समय पहले निधन हो चुका है। पिता तल्लीताल थाना क्षेत्र के पास वर्षों तक मूंगफली का फड़ लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
अस्पताल पहुंचे पालिका अध्यक्ष और कर्मचारी
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका से जुड़े कई कर्मचारी और अधिकारी अस्पताल पहुंचे। नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल सहित अनेक लोगों ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:
👉 बड़ी खबर: थराली से देहरादून जाना हुआ महंगा, 1200 पहुंचा किराया ! ARTO बोले- विभाग ने नहीं दी मंजूरी
👉गजब: कागजों में दौड़ी सड़क, ₹16 करोड़ भी उड़ गए! ब्रिडकुल का बड़ा कारनामा
👉 ब्रेकिंग: 4 IAS-2 PCS के तबादले, देंखे लिस्ट




