- हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने शव उठाने से किया इनकार, गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण
पुरोला। 24 अक्तूबर 2026। नीरज उत्तराखंडी
नौगांव-पुरोला मोटर मार्ग पर संस्कृत विद्यालय के समीप शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार हुडोली की ओर से आ रही बाइक की पुरोला बाजार की ओर से आ रहे ट्रक से संस्कृत विद्यालय के पास आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में सुरानु सेरी निवासी सचिन पुत्र नैन लाल भारती (23) की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार नितेश निवासी ढाकड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को उप जिला अस्पताल पुरोला पहुंचाया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुरोला थानाध्यक्ष दीपक कठैत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक के फरार होने से गुस्साए स्थानीय लोगों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
लोगों का कहना था कि जब तक हादसे के जिम्मेदार चालक को पकड़ा नहीं जाता, शव नहीं उठाया जाएगा। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया।
थानाध्यक्ष दीपक कठैत ने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक और घायल के परिजनों को सूचना दे दी गई है। फरार चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।





