चमोली/जोशीमठ: उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के बीच शुक्रवार तड़के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोशीमठ के निकट पैनी क्षेत्र में गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,टेंपो ट्रैवलर गाजियाबाद से श्रद्धालुओं को लेकर बदरीनाथ धाम की ओर जा रहा था। शुक्रवार सुबह जोशीमठ के समीप पैनी क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के समय वाहन में चालक समेत कुल 18 लोग सवार थे।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए प्रशासन को सूचना दी।
एक महिला श्रद्धालु की मौत, 17 यात्रियों का इलाज जारी
हादसे में गाजियाबाद निवासी महिला श्रद्धालु आरती की मौके पर मौत हो गई। वहीं 17 अन्य यात्री घायल हो गए हैं। घायलों को पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रेस्क्यू कर 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल ने वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
ज्योर्तिमठ कोतवाल देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि हादसे में एक महिला की मौत हुई है जबकि 17 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
चारधाम यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
Also Read
👉 बड़ी खबर: धामी सरकार ने खोले दायित्वों के पत्ते, 18 भाजपा नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी
👉 एक्शन: कुख्यात महिला ड्रग माफिया मेहराज देहरादून से गिरफ्तार
👉 ब्रेकिंग: राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा रद्द,बोले-जल्द फिर होगी मुलाकात। जानिए कारण





