बड़ी खबर: शिक्षकों से मारपीट के आरोप में दरोगा पर गिरी गाज।SSP ने किया सस्पेंड

देहरादून। राजधानी देहरादून के राजकीय पॉलिटेक्निक पित्थूवाला में शिक्षकों के साथ मारपीट और अभद्रता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र डोबाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस दूरसंचार शाखा में तैनात उपनिरीक्षक महेश कंडवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। घटना ने शिक्षा संस्थानों में सुरक्षा और सरकारी कर्मचारियों के आचरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया था छात्र

जानकारी के अनुसार 4 जून को राजकीय पॉलिटेक्निक पित्थूवाला में आयोजित परीक्षा के दौरान छात्र कबीर कंडवाल को कथित तौर पर नकल करते हुए पकड़ा गया था। परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षकों ने नियमानुसार कार्रवाई की, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई।

अगले दिन कॉलेज पहुंचकर किया हंगामा

आरोप है कि अगले दिन छात्र के पिता उपनिरीक्षक महेश कंडवाल अपने साले और एक महिला के साथ कॉलेज पहुंचे और वहां शिक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, अभद्रता तथा मारपीट की। साथ ही सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराए मुकदमे

इस मामले में उपनिरीक्षक महेश कंडवाल ने भी कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान उनके बेटे के साथ शिक्षकों द्वारा मारपीट की गई, उसे बंधक बनाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।

वहीं, राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य अवनीश जैन ने महेश कंडवाल और उनके पुत्र कबीर कंडवाल के खिलाफ संस्थान परिसर में मारपीट, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कराया है।

SSP ने लिया कड़ा संज्ञान

पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने उपनिरीक्षक महेश कंडवाल को निलंबित कर दिया। एसएसपी ने कहा कि किसी भी पुलिसकर्मी से पद की गरिमा के अनुरूप आचरण की अपेक्षा की जाती है और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जांच जारी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts