देहरादून, 11 जून 2026। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बेटे की चाह में एक पति पर अपनी गर्भवती पत्नी को अमानवीय यातनाएं देने और गर्भस्थ शिशु की मौत का आरोप लगा है।
पीड़िता के परिजनों का दावा है कि आरोपी पति ने हरियाणा के पानीपत में अवैध रूप से गर्भस्थ शिशु का लिंग परीक्षण कराया और गर्भ में बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद पत्नी को करंट लगाकर तथा बेरहमी से पीटकर मारने की कोशिश की।
मामले में पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पानीपत में कराया गया कथित लिंग परीक्षण
पीड़िता सीमा के पिता शेर सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी का वर्ष 2019 में बबलू के साथ प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद से ही आरोपी का व्यवहार हिंसक था और वह अक्सर सीमा के साथ मारपीट करता था।
परिजनों के अनुसार, सीमा की पहले से दो बेटियां हैं। तीसरी बार गर्भवती होने पर आरोपी लगातार गर्भस्थ शिशु का लिंग परीक्षण कराने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि वह सीमा को अपने साथ हरियाणा के पानीपत ले गया, जहां किसी अल्ट्रासाउंड सेंटर में अवैध रूप से जांच कराई गई।
परिवार का दावा है कि गर्भ में बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया और उसने पत्नी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

करंट लगाने और बेरहमी से पीटने का आरोप
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि पानीपत से लौटने के बाद आरोपी ने सीमा को घर में बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसे पानी की टंकी में बैठाकर करंट लगाया गया और लकड़ी के फट्टों से बेरहमी से पीटा गया।
बताया जा रहा है कि दो दिनों तक लगातार प्रताड़ना झेलने के बाद गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। घटना की जानकारी आरोपी के यहां काम कर रहे एक मजदूर ने किसी तरह पीड़िता के परिवार को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और सीमा को गंभीर हालत में आरोपी के चंगुल से छुड़ाया।
“तीसरी बेटी को जन्म लेने से पहले ही मार दिया”
पीड़िता की दादी ने आरोप लगाया कि आरोपी बेटे की चाह में अंधा हो चुका था और उसने तीसरी बेटी को जन्म लेने से पहले ही खत्म कर दिया।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं बल्कि समाज के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है। परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और फांसी जैसी सजा की मांग की है।
पहले भी दो शादियां कर चुका है आरोपी: परिजन
पीड़िता के पिता शेर सिंह का दावा है कि आरोपी पहले से दो शादियां कर चुका है। उसकी एक पत्नी हरियाणा के पानीपत में उसकी मां के साथ रहती है। उन्होंने आरोपी को हिस्ट्रीशीटर बताते हुए कहा कि वह पहले भी जेल जा चुका है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी के कुछ साथी उनके घर के आसपास घूम रहे हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
सहसपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि पीड़िता की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले की गहन जांच जारी है और सभी आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। यदि जांच में अवैध लिंग परीक्षण की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिला सुरक्षा और भ्रूण हत्या पर फिर उठे सवाल

यह मामला एक बार फिर समाज में बेटा-बेटी के भेदभाव, महिला उत्पीड़न और भ्रूण हत्या जैसी गंभीर समस्याओं को उजागर करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि अवैध लिंग परीक्षण और कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ सख्त कानून होने के बावजूद ऐसे मामले सामने आना चिंता का विषय है।
यह भी पढ़ें:
👉 ब्रेकिंग: नैनी झील में मिला अज्ञात युवक का शव। इलाके में मची सनसनी
👉 उत्तराखंड में मौसम का बड़ा यू-टर्न: देहरादून में सुबह से झमाझम बारिश, 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
👉 बड़ी खबर:वन भूमि हस्तांतरण मामलों में डीएम के सख्त निर्देश। इन अधिकारीयों को सौंपी अहम जिम्मेदारी





