Haridwar News | Audi Car Seized | Kanakhal Police | Haridwar Traffic News | Uttarakhand Crime News
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और लॉन्ग वीकेंड के दौरान हरिद्वार में भारी भीड़ के बीच पुलिसकर्मियों से अभद्रता करना ऑडी कार सवार तीन लोगों को महंगा पड़ गया। कनखल पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और यातायात व्यवस्था बाधित करने के आरोप में महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी लग्जरी ऑडी कार को सीज कर दिया है।
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए आरोपियों को चिन्हित कर वाहन जब्त कर लिया। पुलिस का शिकंजा कसता देख आरोपियों में शामिल एक युवक सार्वजनिक रूप से माफी मांगता नजर आया।
सोमवती अमावस्या पर हुआ हंगामा
पुलिस के अनुसार 14 जून को सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड के चलते हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए शहर में विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया था।
कनखल थाना क्षेत्र के देशरक्षक तिराहे पर तैनात पुलिसकर्मी वाहनों को निर्धारित मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग की ओर भेज रहे थे। इसी दौरान एक ऑडी कार वहां पहुंची। पुलिस ने चालक से डायवर्जन रूट का पालन करने को कहा, लेकिन कार में सवार दो पुरुष और एक महिला भड़क गए।
💥 स्नान के दौरान Audi सवार ने की पुलिस कर्मियों से अभद्रता, माँगी माफी गाड़ी सीज
⚖️ मुक़दमा दर्ज होते ही निकली हनक, कानून के आगे बने भीगी बिल्ली
🚦 यातायात व्यवस्था में बाधा डालने एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से अभद्रता करने पर कार्यवाही pic.twitter.com/y9rlZk80vF
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) June 16, 2026
पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों यात्रियों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि महिला ने भी पुलिसकर्मियों को अपशब्द कहे और धक्का-मुक्की की। विवाद के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर जाम की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने पुलिस को धमकाते हुए वहां से निकलने का प्रयास किया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के बाद कनखल थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
स्नान पर्व समाप्त होने के बाद पुलिस ने आरोपियों और वाहन की तलाश शुरू की। कनखल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्यामपुर क्षेत्र में ऑडी कार को रोक लिया और वाहन को सीज कर दिया।
कार्रवाई के बाद मांगनी पड़ी माफी
पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपियों में शामिल एक युवक माफी मांगता दिखाई दिया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
सम्बंधित खबरें:





