देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के आठ पर्वतीय जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी और नैनीताल जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
8 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का खतरा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है। कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना
आईएमडी के अनुसार 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्के हिमपात की संभावना भी बनी हुई है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इन जिलों में भी हो सकती है हल्की बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। बुधवार को पिथौरागढ़, चंपावत, देहरादून और अल्मोड़ा में हुई बारिश के बाद प्रदेश में मानसून-पूर्व गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं।
देहरादून में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को मौसम अपडेट पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है।





