Champawat Car Accident News: उत्तराखंड के चंपावत जिले के लोहाघाट तहसील क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाराकोट के गल्लागांव-देवलीमाफी मोटर मार्ग पर बसौटी के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
बसौटी के पास हादसा, गांव लौट रहे थे पिता-पुत्र
जानकारी के अनुसार,लोहाघाट के ढटी गांव निवासी नवीन कुमार (44 वर्ष) पुत्र महेश राम अपने 18 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के साथ अल्टो कार (UK03-2484) से लोहाघाट से अपने घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे गल्लागांव-देवलीमाफी मोटर मार्ग पर बसौटी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में हुई बारिश के कारण सड़क पर मलबा और कीचड़ जमा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से कार फिसल गई और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते कार गहरी खाई में समा गई।
ग्रामीण बने देवदूत, चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कई ग्रामीणों ने जोखिम उठाकर दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
उप जिला अस्पताल लोहाघाट के चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि दोनों घायलों की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे। सांसद अजय टम्टा, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, एसडीएम नीतू डांगर, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा और दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली सहित कई लोगों ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली।
पहाड़ी सड़कों पर सावधानी की अपील
लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों की सड़कों पर फिसलन और मलबा बढ़ गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने, मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने और जोखिम वाले मार्गों पर धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है।
सम्बंधित खबरें:
बेकाबू हादसा: भीड़ में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो। दो मासूम बच्चियों समेत 3 को मारी टक्कर
मौसम अलर्ट: अगले पांच दिनों तक पहाड़ों में बारिश की संभावना। कई जिलों में अलर्ट, दो जिलों में सूखा
बिग ब्रेकिंग: देर रात देहरादून पुलिस विभाग में बंपर तबादले। जानिए किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी





