हरिद्वार। खानपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। लक्सर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पूर्व विधायक पर फोन पर गाली-गलौज, धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर पूर्व विधायक ने अपनी सफाई भी दी है।
गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र निवासी संजीव कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच कथित तौर पर वाहन ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ था।
शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद फोन पर बातचीत के दौरान उन्हें भद्दी गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि बातचीत के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया और परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। आरोपों के अनुसार, परिवार की महिलाओं के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां और धमकियां दी गईं।
मामले को लेकर भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी लक्सर कोतवाली पहुंचे और पूर्व विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा गिरफ्तारी की मांग की।
पूर्व विधायक के गनर ने भी दी शिकायत
दूसरी ओर, पूर्व विधायक के गनर संजय चौहान ने भी पुलिस को तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। गनर का आरोप है कि कार सवार लोगों ने खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए पूर्व विधायक की गाड़ी को टक्कर मारी और उनके साथ अभद्रता की।
पुलिस को दी गई शिकायत में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
- बड़ी खबर: कपिल लाल बनेंगे वन विभाग के नए मुखिया
- बड़ी खबर: 27 दिन बाद भी न तो बबीता मिलीं और न ही ऐसा कोई ठोस सबूत! अब भालुओं के अड्डे पर पहुंची खोजी टीम
वायरल वीडियो को बताया फर्जी और AI जनरेटेड
वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो फर्जी है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक की मदद से तैयार किया गया है।
चैंपियन का कहना है कि जब वह लक्सर क्षेत्र से गुजर रहे थे, तब उनकी सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश की गई और उनकी गाड़ी को टक्कर मारी गई। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से भी मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों द्वारा उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, शिकायतों में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
एसपी शेखर चंद सयाल ने बताया कि मामले की सभी तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है और सत्यापन के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- बड़ी खबर: शिक्षा विभाग में नियमों को ताक पर रख दागी अधिकारी पर मेहरबानी? जांच के बाद बिना पदोन्नति के थमाया जिला स्तर का बड़ा पद
- शोक समाचार: पूर्व कृषि निदेशक गौरी शंकर का हार्ट अटैक से निधन। हल्द्वानी में होगा अंतिम संस्कार
चर्चा में आया मामला
पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन से जुड़ा यह मामला अब राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों और प्रत्यारोपों में कितना तथ्य है।





