ऋषिकेश: ऋषिकेश के सिंगटाली झूला पुल के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान दिल्ली के दो युवक तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही SDRF की टीमों ने मौके पर पहुंचकर गंगा नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला कंट्रोल रूम पौड़ी से सूचना मिली थी कि सिंगटाली झूला पुल के पास गंगा नदी में स्नान के दौरान दो युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए हैं। दिल्ली से छह युवकों का एक समूह घूमने के लिए उत्तराखंड आया था। सभी युवक सिंगटाली झूला पुल के समीप गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक नदी के बीच गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव के कारण बह गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची SDRF
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला और ब्यासी की रेस्क्यू टीमें आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। टीमों ने नदी में सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन अब तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
- दर्दनाक: गुलदार का खूनी आतंक। घास काटने गई महिला को जंगल में घसीटकर मारा
- बड़ी खबर: पेट में 15 किलो का ट्यूमर लेकर अस्पताल पहुंची महिला। डॉक्टरों ने बचायी जान
इन युवकों की हो रही तलाश
एसडीआरएफ के अनुसार लापता युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- प्रेम (26 वर्ष), निवासी नई दिल्ली।
- राजन (24 वर्ष), निवासी नई दिल्ली।
घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को भी दे दी गई है।
बारिश के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही दिक्कत
पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी अत्यधिक मटमैला हो गया है। तेज बहाव और कम दृश्यता के चलते सर्च ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद रेस्क्यू टीम लगातार दोनों युवकों की तलाश में जुटी हुई है।
प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान नदियों और जलाशयों में स्नान करते समय सावधानी बरतें। बारिश के समय नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। प्रशासन ने सभी पर्यटकों से केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही जाने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।





