हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में बहादराबाद पुलिस ने करीब पांच महीने पुराने महिला की संदिग्ध मौत के मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच, वैज्ञानिक साक्ष्यों और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) रिपोर्ट में महिला की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की पुष्टि हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी पति ने पत्नी की बीमारी से परेशान होकर इलाज के बहाने उसे पानी में जहर मिलाकर पिला दिया था।
भाई की शिकायत पर दर्ज हुआ था हत्या का मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 4 फरवरी 2026 को मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने बहादराबाद थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने इलाज के नाम पर जहरीला पदार्थ पिलाया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
एफएसएल रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद महिला का बिसरा जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया था। एफएसएल रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई थी।
वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी पति की संलिप्तता सामने आने के बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई।
भागने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने दबोचा
पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। 27 जून को सूचना मिली कि वह क्षेत्र छोड़कर भागने की तैयारी में बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह के पास मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अफजाल पुत्र मुस्लिम, निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी पिछले चार वर्षों से बीमार थी। बीमारी और लगातार इलाज से परेशान होकर उसने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पत्नी को पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
20 साल पहले हुई थी शादी
मृतका के भाई के अनुसार, उसकी बहन की शादी करीब 20 वर्ष पहले अफजाल से हुई थी। वह पिछले चार साल से गंभीर रूप से बीमार थी, लेकिन आरोपी उसका समुचित इलाज नहीं करा रहा था।
आरोप है कि उसने खेतों में इस्तेमाल होने वाली जहरीली दवा दवाई में मिलाकर पत्नी को पिला दी। तबीयत बिगड़ने पर आरोपी ने शक से बचने के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
महिला ने दर्ज कराए थे बयान
पुलिस के मुताबिक, उपचार के दौरान महिला ने नायब तहसीलदार के समक्ष अपने बयान भी दर्ज कराए थे। मामले की जांच में इन बयानों के साथ एफएसएल रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों को महत्वपूर्ण आधार बनाया गया।
आरोपी भेजा गया जेल
बहादराबाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूरी की गई है।





