देहरादून: उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले आरोपी जसप्रीत सिंह को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी हरियाणा के अंबाला का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिससे धमकी भरे पोस्ट सोशल मीडिया पर किए गए थे।
सोशल मीडिया पोस्ट से मचा था हड़कंप
पुलिस के अनुसार 21 जून को एक अज्ञात व्यक्ति ने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने संबंधी धमकी भरे पोस्ट साझा किए थे।
इन पोस्ट के वायरल होने के बाद आम लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के नगर कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
विशेष टीम ने ऐसे पहुंचा आरोपी तक
मामले की जांच के लिए नगर कोतवाली के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
सोशल मीडिया आईडी और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन हरियाणा के अंबाला में मिली। पुलिस टीम उसके घर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां नहीं मिला। इसके बाद परिजनों को मामले की जानकारी दी गई और आरोपी को जल्द पेश करने के निर्देश दिए गए।
देहरादून आते ही सहारनपुर रोड से गिरफ्तारी
दो दिन पहले आरोपी के परिजनों ने मामले की जानकारी लेने के लिए पुलिस से संपर्क किया।
बाद में जब जसप्रीत सिंह अपने वकील के साथ देहरादून आ रहा था, तभी पुलिस को इसकी सूचना मिली। पुलिस ने उसे सहारनपुर रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में बताई धमकी देने की वजह
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस की कार्रवाई से वह नाराज था।
उसने सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ी रील देखने के बाद लोगों में दहशत फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘Jaspreet-devil’ से 25 जून 2026 को उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट की धमकी वाली टिप्पणी पोस्ट की थी।
मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्य जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धमकी भरे पोस्ट करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
मोबाइल सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक और विधिक जांच कराई जा रही है, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।
एसपी सिटी ने क्या कहा?
एसपी सिटी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस और आम जनता में भय का माहौल बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बरामद मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
देहरादून पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह, धमकी या भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें। इस तरह की गतिविधियां कानूनन अपराध हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





