ब्रेकिंग न्यूज़(कमल जगाती, नैनीताल):-
खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को उत्तराखंड हाईकोर्ट से तत्काल कोई राहत नहीं मिली। लक्सर कोतवाली में उनके खिलाफ दर्ज SC/ST एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के मुकदमे को निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग को लेकर दायर याचिका को उनके अधिवक्ता ने सुनवाई के दौरान बिना किसी न्यायिक आदेश के वापस ले लिया।
न्यायमूर्ति आलोक महरा की एकलपीठ में मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने इस मामले में कोई आदेश पारित नहीं किया क्योंकि याचिकाकर्ता की ओर से याचिका वापस लेने का अनुरोध किया गया, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
पीड़ित पक्ष ने कोर्ट में रखी अपनी दलील
सुनवाई के दौरान पीड़ित पक्ष की ओर से अदालत को बताया गया कि पूर्व विधायक ने फोन पर बातचीत के दौरान कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित पक्ष ने यह भी दावा किया कि इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था और उसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में सुरक्षित है, जिसे वे अदालत के समक्ष प्रस्तुत करना चाहते हैं।
पीड़ित पक्ष ने यह भी कहा कि पूर्व विधायक के खिलाफ पहले से 16 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
चैंपियन का पक्ष— ‘झूठा फंसाया गया’
वहीं, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन की ओर से अदालत में कहा गया कि उन्हें इस मामले में झूठा फंसाया गया है। उनका कहना था कि उन्होंने किसी के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग नहीं किया और न ही कोई ऐसा वीडियो उनका है। वायरल वीडियो से भी उन्होंने अपना संबंध होने से इनकार किया।
क्या है पूरा मामला?
मामला हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र के शांतर्शाह निवासी जोगेंद्र कुमार की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 22 जून को वह अपने बहनोई संजीव कुमार के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे। आरोप है कि जेके टायर फैक्ट्री के सामने एक वाहन ने उनकी कार को ओवरटेक करते हुए टक्कर मार दी। बाद में उन्हें पता चला कि वह वाहन पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का था।
शिकायत के अनुसार, अगले दिन उनके बहनोई के पास लक्सर कोतवाली से फोन आया। इसी दौरान एक परिचित के मोबाइल से पूर्व विधायक से बातचीत हुई। आरोप है कि बातचीत के दौरान पूर्व विधायक ने गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, जान से मारने की धमकी दी और महिलाओं के साथ दुष्कर्म कराने जैसी गंभीर धमकियां भी दीं।
लक्सर कोतवाली में दर्ज हुआ मुकदमा
शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ SC/ST एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसी मुकदमे को निरस्त कराने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी, जिसे अब बिना किसी आदेश के वापस ले लिया गया है।
याचिका वापस लिए जाने के बाद हाईकोर्ट की ओर से पूर्व विधायक को कोई अंतरिम राहत नहीं मिली है। ऐसे में लक्सर कोतवाली में दर्ज मुकदमे की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूर्ववत जारी रहेगी।





