बड़ी खबर : देहरादून में कार वर्कशॉप में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ । महिला समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित अजबपुर कला में एक कार वर्कशॉप में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने वर्कशॉप मैनेजर की शिकायत पर एक महिला सहित छह लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर […]

देहरादून। राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित अजबपुर कला में एक कार वर्कशॉप में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने वर्कशॉप मैनेजर की शिकायत पर एक महिला सहित छह लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने वर्कशॉप में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की, लाखों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने साथ ले गए। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही गई है।

पूजा के दौरान वर्कशॉप में घुसे आरोपी

एफआईआर के अनुसार, ऑटो हेवन कार वर्कशॉप, अजबपुर कला (सॉलिटेयर होटल के सामने) के मैनेजर नीरज शर्मा ने पुलिस को बताया कि 29 जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे वह वर्कशॉप खोलने के बाद पूजा कर रहे थे। इसी दौरान कार्तिक चंदेल कुछ अन्य लोगों के साथ वर्कशॉप में घुस आया और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

महिला पर गुंडे बुलाने और जान से मारने की धमकी का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सरिता चंदेल ने नीरज शर्मा को जान से मारने की धमकी दी और बाहर से गुंडे बुलाने की बात कही। इसके बाद अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर सभी ने मिलकर वर्कशॉप में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने कर्मचारियों को धमकाया, ग्राहकों को वहां से भगा दिया और पूरे परिसर में दहशत का माहौल बना दिया।

लोहे के पंच और सरियों से हमला करने की कोशिश का आरोप

एफआईआर में कहा गया है कि बाद में सरदार हरपाल सिंह, जी.एस. सारंग और अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर वर्कशॉप मैनेजर के साथ मारपीट की और जान से मारने का प्रयास किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी लोहे के पंच और सरिए मंगाने की बात कर रहे थे तथा मौजूद लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे थे।

कर्मचारियों को बनाया निशाना, दस्तावेज ले जाने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की और उन्हें वर्कशॉप से बाहर निकलने नहीं दिया। किसी तरह कर्मचारियों ने वर्कशॉप मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि तोड़फोड़ के दौरान लाखों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। साथ ही शिकायतकर्ता के गले की चेन टूटने और वर्कशॉप से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।

पूर्व कर्मचारी पर दस्तावेजों के दुरुपयोग की आशंका

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी सरदार हरपाल सिंह पहले इसी वर्कशॉप में कार्यरत थे। विवाद के बाद उन्हें नौकरी से हटा दिया गया था। आरोप है कि नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने वर्कशॉप के किरायानामे से जुड़े मूल दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर किसी कंपनी को सौंप दिया। वर्कशॉप प्रबंधन ने आशंका जताई है कि भविष्य में इन दस्तावेजों का दुरुपयोग किया जा सकता है।

महिला समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर सरिता चंदेल, कार्तिक चंदेल, सरदार हरपाल सिंह, जी.एस. सारंग, संपत्ति मालिक तथा अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी को सौंपी गई है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read This

एक्शन : एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के आदेशों पर देहरादून-ऋषिकेश में फिर कई अवैध भवन सील 

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने ऋषिकेश...

बड़ी खबर: सोशल मीडिया पर छाया हैशटैग DhamiKe5Saal, बना देश का नंबर-1 पॉलिटिकल ट्रेंड

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X...
Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

Related Posts