देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले बड़ा हादसा हो गया। बन्नू स्कूल ग्राउंड में कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान लोहे का भारी पिलर/स्ट्रक्चर गिरने से कांग्रेस नेता अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।
मंच की तैयारी के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों के साथ संवाद का आयोजन प्रस्तावित है। आयोजन स्थल बन्नू स्कूल ग्राउंड में मंच और वाटरप्रूफ टेंट लगाने का काम अंतिम चरण में चल रहा था।
इसी दौरान क्रेन की मदद से लोहे का स्ट्रक्चर खड़ा किया जा रहा था, तभी अचानक उसका एक भारी हिस्सा अमर मेहता के सिर पर गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़े :
- ब्रेकिंग : उत्तराखंड के इस जिले में भूकंप से डोली धरती
- बिग ब्रेकिंग : ₹3,500 की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया सिविल कोर्ट में तैनात नायब नाजिर
- ब्रेकिंग: पूर्व मुख्य सचिव रामस्वामी का बेटा यशवर्धन लाखों की ठगी मामले में गिरफ्तार
- मौसम ब्रेकिंग : आज इन जिलों में तेज बारिश की चेतावनी, IMD अलर्ट जारी
कांग्रेस में शोक की लहर
अमर मेहता देहरादून के निरंजनपुर क्षेत्र के निवासी थे और लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए थे। वह पूर्व में पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके थे और पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं में उनकी पहचान थी।
हादसे की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई। कई वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे और दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा कार्यक्रम स्थल पर टेंट और लोहे के स्ट्रक्चर लगाने के दौरान हुआ। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तकनीकी लापरवाही, सुरक्षा मानकों की अनदेखी या अन्य किसी कारण से हुआ।
राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले हुई इस दुखद घटना ने आयोजन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





