पुरोला, 2 अगस्त 2026।नीरज उत्तराखंडी
उत्तरकाशी जनपद के पुरोला तहसील मुख्यालय से करीब छह किलोमीटर दूर स्थित लमकोटी गांव के समीप जंगल में शनिवार सुबह एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव चीड़ के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मनवीर राणा (45) पुत्र रणवीर राणा, निवासी ग्राम लमकोटी के रूप में हुई है। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने घर के पास जंगल में चीड़ के पेड़ से शव लटका देखा। इसके बाद परिजनों और पुलिस को तत्काल सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पेड़ से नीचे उतारकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की गई तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







