श्रीनगर गढ़वाल/जयप्रकाश नोगाई
उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन कंडारस्यू पंपिंग पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल निगम श्रीनगर गढ़वाल के अधिकारियों से योजना की प्रगति रिपोर्ट ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डॉ. रावत ने कहा कि यह योजना श्रीनगर विधानसभा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। लगभग 45 गांवों को इस योजना से जोड़ा जा रहा है, जिससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा।
10 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ
मंत्री ने बताया कि कंडारस्यू पंपिंग योजना के तहत करीब 2000 तोंकों को जोड़ा गया है और 10 हजार से अधिक आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना का अंतिम चरण तेजी से पूरा किया जा रहा है और जल्द ही इसे संबंधित गांवों को समर्पित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पर्वतीय क्षेत्रों तक भी शुद्ध और नियमित पेयजल पहुंचाया जाए, ताकि ग्रामीणों को पानी के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
इन गांवों को मिलेगा योजना का लाभ
डॉ. धन सिंह रावत ने अपने संबोधन में बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना से पैठाणी, मलुड, चौंरीखाल, बोंगा, सिमल्त, डूंगरी, खांडूली, गोदा, छोया, चोपड़ा, नोंगांव, न्याणगढ़, माथिगांव, गमुडु, मैलसैन सहित दर्जनों गांवों के लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि योजना पूरी होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आएगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जल निगम के अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता न करने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
इस मौके पर जल निगम खंड श्रीनगर के अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्र भट्ट, सहायक अभियंता मनोज कुमार, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष गंगा प्रसाद तथा अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







