देहरादून।नीरज उत्तराखंडी
मौसम विभाग ने शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को उत्तराखंड के नौ जिलों के लिए अगले तीन घंटों के दौरान येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट दोपहर 1:07 बजे से शाम 4:07 बजे तक प्रभावी रहेगा।
अलर्ट के अनुसार रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर के अलग-अलग स्थानों पर मौसम के तीव्र रूप लेने की संभावना है।
विशेष रूप से घनसाली, सोनप्रयाग, मुक्तेश्वर, जागेश्वर धाम, लोहाघाट, गंगोलीहाट, टनकपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क मार्ग प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
प्रशासन और संबंधित विभागों को भी संवेदनशील क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने की आवश्यकता है।







