ब्रेकिंग न्यूज़(कमल जगाती, नैनीताल):-
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही सड़कों की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कड़ी नाराजगी जताई है।
भीमताल स्थित विकास भवन में आयोजित बैठक के दौरान डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने यहां तक कह दिया कि यदि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा सकते तो नौकरी छोड़कर मुनीमगिरी कर लें।
बैठक में डीएम रयाल ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वेतन सरकार से लेते हैं, लेकिन काम ठेकेदारों के हिसाब से करते हैं।
PMGSY के तीनों अभियंताओं से मांगा स्पष्टीकरण
सड़कों से जुड़े कार्यों में लापरवाही को लेकर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तीनों अभियंताओं से पूरे मामले में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि सरकारी योजनाओं के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जनता के पैसे का सही इस्तेमाल सुनिश्चित करना विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
ठेकेदारों के बजाय जनता के प्रति जवाबदेह रहें अधिकारी
डीएम ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि सरकारी नौकरी करने वालों की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता के हितों की रक्षा करना है। विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
भीमताल में हुई इस बैठक के दौरान डीएम के सख्त तेवर चर्चा का विषय बने रहे।





