देहरादून, 19 अगस्त। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मौसम के बिगड़ते मिजाज और भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। देहरादून जिले में 20 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूलों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी/जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून की ओर से 19 अगस्त को जारी आदेश में बताया गया है कि जिले में लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून और एनडीएमए के National Disaster Alert Portal से प्राप्त ताजा मौसम पूर्वानुमान के आधार पर 20 अगस्त की मध्याह्न तक देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश तथा आकाशीय बिजली चमकने के साथ वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए देहरादून में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने संभावित मौसम संबंधी घटनाओं और उनसे उत्पन्न होने वाले जोखिम को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि आपदा न्यूनीकरण के दृष्टिगत जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 अगस्त को एक दिन का अवकाश रहेगा। इसमें सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूल सभी शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 20 अगस्त को देहरादून जिले के सभी संबंधित स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देशित किया गया है कि सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
क्यों लिया गया फैसला?
प्रशासन के मुताबिक देहरादून में तेज बारिश के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे मौसम में जलभराव, सड़क बाधित होने, भूस्खलन और आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आदेश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून कृष्ण कुमार मिश्रा ने भी हस्ताक्षर किए हैं।



