बड़ी खबर : पात्र बुजुर्गों को पेंशन दिलाने का अभियान । इस दिन तक ऑनलाइन आवेदन कराने का लक्ष्य

देहरादून, 3 सितंबर। नीरज उत्तराखंडी जनपद में कोई भी पात्र बुजुर्ग सामाजिक सुरक्षा के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन सितंबर माह में वृद्धावस्था पेंशन योजना से वंचित पात्र लोगों को चिन्हित कर लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में अभियान को […]

देहरादून, 3 सितंबर। नीरज उत्तराखंडी

जनपद में कोई भी पात्र बुजुर्ग सामाजिक सुरक्षा के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन सितंबर माह में वृद्धावस्था पेंशन योजना से वंचित पात्र लोगों को चिन्हित कर लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

समाज कल्याण विभाग की वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र बुजुर्गों, जिनके परिवार की वार्षिक आय 48 हजार रुपये से अधिक नहीं है, को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाती है। पति-पत्नी दोनों के पात्र होने पर परिवार को कुल 3,000 रुपये प्रतिमाह बैंक खाते के माध्यम से पेंशन उपलब्ध कराई जाती है।

डीएम ने कहा कि वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा किसी पात्र व्यक्ति पर उपकार नहीं, बल्कि उसका अधिकार है। अभियान के दौरान ऐसे बुजुर्गों की पहचान की जाएगी, जो पात्र होने के बावजूद किसी कारण से अभी तक पेंशन योजना से नहीं जुड़ पाए हैं।

अभियान में अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र बुजुर्गों से संपर्क कर आवेदन संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराने में सहयोग करेंगे। पात्र व्यक्ति समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से भी आवेदन कराया जा सकता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में पेंशन के लिए ग्राम सभा का प्रस्ताव और राजस्व विभाग द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र आवश्यक होगा। पात्र बुजुर्गों के चिन्हीकरण और आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सितंबर में ग्राम पंचायतों की विशेष बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय क्षेत्रों में तहसीलदार द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र सहित निर्धारित औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों, नगर निकायों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र बुजुर्गों के आवेदन व्यक्तिगत सहयोग से कराए जाएं और किसी भी स्तर पर आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहें।

30 सितंबर 2026 तक प्राप्त सभी पात्र ऑनलाइन आवेदनों को नियमानुसार अग्रसारित करने का लक्ष्य रखा गया है। 30 सितंबर तक आवेदन करने वाले पात्र बुजुर्गों को अक्टूबर 2026 की पेंशन राशि का भुगतान नवंबर 2026 तक किए जाने की व्यवस्था की गई है।

अभियान की निगरानी के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल को नोडल अधिकारी तथा सभी सहायक समाज कल्याण अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। विकासखंडवार तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी अपने क्षेत्रों में पात्र बुजुर्गों तक योजना का लाभ पहुंचाने और आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करेंगे।

डीएम ने व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि “प्रत्येक पात्र वृद्धजन तक पेंशन का लाभ पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उनके आसपास कोई पात्र बुजुर्ग वृद्धावस्था पेंशन से वंचित है तो उसकी पहचान कराकर निकटतम सीएससी सेंटर अथवा संबंधित कार्यालय के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कराने में सहयोग करें। प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा योजना से जोड़ना है।

Also Read This

4.50 करोड़ की पेयजल योजना पर बड़ा सवाल: वन स्वीकृति नहीं मिली, फिर जंगल तक कैसे पहुंच गए लाखों के पाइप?

कफनौल-रूपनौल योजना की सामग्री महीनों से जंगल में लावारिस, सरकारी सिस्टम की कार्यशैली पर उठे सवाल; युवा संगठन ने आंदोलन की दी चेतावनीनौगांव,...

हादसा: ब्रहमखाल के पास ब्लॉक प्रमुख पुरोला की कार दुर्घटनाग्रस्त, हेली एम्बुलेंस से भेजा दून

ब्रह्मखाल/उत्तरकाशी, 8 सितंबर। नीरज उत्तराखंडी यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ब्रह्मखाल के पास ब्लॉक प्रमुख पुरोला की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।...
Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

Related Posts