रिपोर्ट/विशाल सक्सेना
ऊधम सिंह नगर/बाजपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में बाढ़ के हालात के बीच हंगामे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार और उनके समर्थकों पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के कनिष्ठ अभियंता (JE) के साथ कथित तौर पर अभद्रता, चेहरे पर कीचड़ पोतने और मारपीट करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित PWD अधिकारी ने बाजपुर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो:
रेबड़ा नदी उफान पर, घरों में घुसा पानी
दरअसल, ऊधम सिंह नगर जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण बाजपुर क्षेत्र में रेबड़ा नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। बताया जा रहा है कि प्रभावित लोगों के घरों में करीब 3 से 4 फीट तक पानी और मिट्टी भर गई।
बाजपुर में रेबड़ा नदी पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। स्थानीय लोगों और पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार की ओर से आरोप लगाया गया कि पुल निर्माण में देरी और कार्यदायी संस्था की कथित लापरवाही के कारण जलभराव की स्थिति और गंभीर हुई।
मौके पर पहुंचे PWD JE, भड़का गुस्सा
बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने और निर्माण कार्य से जुड़े हालात देखने के लिए लोक निर्माण विभाग के JE राजीव गौड़ मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार और उनके समर्थकों के साथ उनका विवाद हो गया।
आरोप है कि इसी दौरान राजेश कुमार ने JE के चेहरे पर कीचड़ पोत दी। इसके बाद अधिकारी के साथ कथित तौर पर मारपीट भी की गई। पूरी घटना मौके पर मौजूद मीडिया के कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना के समय बाजपुर के उपजिलाधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं।
JE ने कोतवाली पहुंचकर दी तहरीर
घटना के बाद पीड़ित PWD JE राजीव गौड़ बाजपुर कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी जांच शुरू किए जाने की बात सामने आई है।
पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार ने क्या कहा?
पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि क्षेत्र में लोगों के घरों में चार-चार फीट तक पानी और मिट्टी भर गई है। उन्होंने दावा किया कि यदि कार्यदायी संस्था ने पुल का काम समय पर पूरा किया होता तो क्षेत्र में ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
राजेश कुमार ने अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी कार्यप्रणाली का असर सरकार की छवि पर भी पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की छवि धूमिल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी नाराजगी के चलते उन्होंने अधिकारी के चेहरे पर कीचड़ पोती।
ADM ने दिए जांच के आदेश
ऊधम सिंह नगर के ADM पंकज कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो भी उनके संज्ञान में आया है। ADM के मुताबिक, बाजपुर के SDM को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो :
अब जांच रिपोर्ट पर टिकी नजर
बाजपुर में बाढ़ के बीच PWD अधिकारी के साथ कथित मारपीट और कीचड़ पोतने का यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब प्रशासनिक जांच और पुलिस की कार्रवाई के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


