देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 (PCS Exam 2026) के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है।
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार विभिन्न विभागों में कुल 67 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 29 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
UKPSC PCS Recruitment 2026 के तहत डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक, जिला कमांडेंट होमगार्ड, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी, सहायक आयुक्त राज्य कर समेत कई महत्वपूर्ण पद शामिल किए गए हैं।
अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले आयोग की ओर से जारी विस्तृत विज्ञापन में शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और परीक्षा योजना समेत सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक जरूर पढ़ लें।
UKPSC PCS 2026 में किन पदों पर होगी भर्ती?
आयोग के विज्ञापन के मुताबिक पुलिस उपाधीक्षक के सबसे अधिक 14 पद हैं। इसके अलावा डिप्टी कलेक्टर के 10 पद निर्धारित किए गए हैं।
पदों का विवरण इस प्रकार है:
- डिप्टी कलेक्टर – 10 पद
- पुलिस उपाधीक्षक – 14 पद
- जिला कमांडेंट, होमगार्ड – 2 पद
- वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी – 4 पद
- सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा – 8 पद
- सहायक आयुक्त, राज्य कर – 1 पद
- सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 – 1 पद
- उद्यान विकास अधिकारी श्रेणी-2 – 1 पद
- उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी – 1 पद
- सहायक श्रम आयुक्त – 1 पद
- सहायक निदेशक/उपसचिव, संस्कृत शिक्षा – 4 पद
- सहायक निदेशक, कारखाना/बॉयलर – 2 पद
- सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी – 5 पद
- राज्य कर अधिकारी – 5 पद
- केस वर्कर – 3 पद
इस तरह UKPSC PCS 2026 के तहत कुल 67 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
किस वर्ग के लिए कितने पद?
कुल 67 पदों में से 37 पद सामान्य वर्ग, 13 पद अनुसूचित जाति (SC), 11 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और 6 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए निर्धारित किए गए हैं।
विज्ञापन में विभिन्न पदों के लिए उत्तराखंड महिला आरक्षण और क्षैतिज आरक्षण से संबंधित पदों का विवरण भी दिया गया है। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के दौरान अपनी श्रेणी और उपश्रेणी का सही अंकन करने के निर्देश दिए गए हैं।
UKPSC PCS Vacancy 2026: कितना मिलेगा वेतन?
अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग वेतनमान निर्धारित किया गया है। अधिकांश प्रमुख प्रशासनिक पदों के लिए लेवल-10 के तहत ₹56,100 से ₹1,77,500 तक का वेतनमान निर्धारित है।
वहीं राज्य कर अधिकारी के पद के लिए लेवल-7 और केस वर्कर के लिए लेवल-6 का वेतनमान निर्धारित किया गया है।
29 सितंबर तक आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करना जरूरी
UKPSC PCS 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 29 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को इसी तारीख तक निर्धारित परीक्षा शुल्क भी जमा करना होगा।
परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। इसके लिए नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और UPI का इस्तेमाल किया जा सकता है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित माध्यम के अलावा किसी अन्य तरीके से भेजा गया आवेदन अथवा परीक्षा शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा।
7 से 16 अक्टूबर तक आवेदन में कर सकेंगे संशोधन
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में सुधार का मौका भी मिलेगा। आयोग के अनुसार 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन या परिवर्तन किया जा सकेगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन पत्र भरते समय शैक्षिक योग्यता, आरक्षण, व्यक्तिगत जानकारी और अन्य जरूरी विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करें। अंतिम तिथि के बाद आवेदन में किसी तरह का बदलाव करने की अनुमति नहीं होगी।
अभ्यर्थी अंतिम तारीख का इंतजार न करें
UKPSC ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थी UKPSC PCS 2026 के विस्तृत विज्ञापन में दी गई सभी पात्रता और अन्य शर्तों को जरूर जांच लें।


