Dehradun News: दून विश्वविद्यालय में छात्र परिषद चुनाव से ठीक एक दिन पहले सोमवार देर रात मेस के खाने को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।
विश्वविद्यालय की मेस में परोसे गए खाने में कीड़ा मिलने का आरोप लगाते हुए छात्र-छात्राओं ने हंगामा किया। बड़ी संख्या में छात्राएं कुलपति आवास के बाहर पहुंचीं और मेस की व्यवस्था को लेकर नारेबाजी की।
मामले की सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। वहीं, विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर को भी मौके पर बुलाया गया।
मेस के खाने को लेकर छात्रों में नाराजगी
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय की मेस में खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। छात्रों के मुताबिक, इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया।
सोमवार रात खाने में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों का आक्रोश और बढ़ गया। छात्र-छात्राएं अपनी शिकायतों और मांगों को लेकर देर रात तक कुलपति आवास के बाहर मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया गया, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर मौके पर डटे रहे।
कुलपति ने क्या कहा?
दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि उन्होंने सुबह बॉयज हॉस्टल का निरीक्षण किया था। व्यस्तता के कारण वह गर्ल्स हॉस्टल का निरीक्षण नहीं कर पाईं।
कुलपति के अनुसार, पहले भी छात्रों की ओर से इस तरह की शिकायत मिली थी। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देकर समस्या का समाधान करने के लिए कहा गया था।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की मेस में छात्रों को 2,200 रुपये में तीन वक्त का भोजन दिया जा रहा है।
कुलपति ने यह भी कहा कि 29 सितंबर को विश्वविद्यालय में छात्र परिषद के चुनाव होने हैं और कुछ छात्र इस मुद्दे को राजनीतिक मुद्दा भी बना रहे हैं।


