पुरोला/त्यूनी/मोरी, 29 सितंबर 2026।नीरज उत्तराखंडी
पुरोला, त्यूनी और मोरी महाविद्यालयों में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए गए। तीनों महाविद्यालयों में अध्यक्ष पद के मुकाबले अलग-अलग तस्वीर सामने आई।
पुरोला में एनएसयूआई प्रत्याशी अनुप्रिया ने निर्दलीय अनुज को महज दो मतों से हराया, त्यूनी में शिवानी ने 23 मतों के अंतर से अध्यक्ष पद जीता, जबकि मोरी में प्रेमिका अध्यक्ष निर्वाचित हुईं।
पुरोला में दो मतों से अनुप्रिया की जीत
बर्किया लाल जुवांडा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पुरोला में अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई प्रत्याशी अनुप्रिया को 208 मत मिले। निर्दलीय अनुज ने 206 मत हासिल किए, जबकि एबीवीपी प्रत्याशी हीसश 165 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस तरह अनुप्रिया ने अनुज को मात्र दो मतों से पराजित किया।
उपाध्यक्ष पद पर दिशा ने 199 मत हासिल कर जीत दर्ज की। प्रिया को 190 और अंजलि को 173 मत मिले। सचिव पद पर प्रिया 312 मतों के साथ विजयी रहीं, जबकि ज्योति रावत को 211 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर अंजलि आर्य ने 254 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। हृदय उनियाल को 168 और शीषपाल को 131 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर मोहित कुमार 254 मतों के साथ निर्वाचित हुए। रोशन कुमार को 213 और विश्वनाथ सिंह को 97 मत मिले।
मतगणना के बाद प्राचार्य डॉ. ए.के. तिवारी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद विजयी प्रत्याशियों और समर्थकों ने मुख्य बाजार में विजय जुलूस निकाला।
त्यूनी में शिवानी अध्यक्ष, मांजित सचिव
पं. शिव राम राजकीय महाविद्यालय, त्यूनी में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 के परिणाम में सभी पदों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। अध्यक्ष पद पर शिवानी ने 103 मत प्राप्त कर विवेक चौहान को 23 मतों से हराया। विवेक को 80 मत मिले, जबकि तीन मत निरस्त हुए।
उपाध्यक्ष पद पर मैविश ने 105 मत हासिल कर 30 मतों से जीत दर्ज की। विवेक को 75 मत मिले और छह मत निरस्त हुए। सचिव पद पर मांजित ने 115 मत लेकर दीक्षा को 50 मतों से हराया। दीक्षा को 65 मत मिले और छह मत निरस्त हुए।
सहसचिव पद पर प्रिया ने 121 मतों के साथ साक्षी को 60 मतों से पराजित किया। साक्षी को 61 मत मिले और चार मत निरस्त हुए। कोषाध्यक्ष पद पर अंजू 107 मत लेकर विजयी रहीं, जबकि तनवी को 76 मत मिले और चार मत निरस्त हुए। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर निशान्त राणा ने 115 मत हासिल कर रोहित कुमार को 48 मतों से हराया। रोहित को 67 मत मिले और चार मत निरस्त हुए।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मृत्युंजय सिन्हा ने परिणामों की घोषणा करने के साथ नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों के बीच सरनाड पानी, त्यूनी बाजार और गेट बाजार होते हुए मोरी रोड तक विजय जुलूस निकाला।
मोरी में प्रेमिका अध्यक्ष निर्वाचित
राजकीय महाविद्यालय मोरी में अध्यक्ष पद पर प्रेमिका निर्वाचित हुईं। उन्हें 74 मत प्राप्त हुए, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 51 वैध मत मिले। अध्यक्ष पद का परिणाम सविरोध घोषित किया गया।
उपाध्यक्ष पद पर विजयपाल लाल ने 70 मत लेकर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 54 वैध मत मिले और एक मत अवैध रहा। सचिव पद पर मनीष कुमार 74 मतों के साथ विजयी हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 48 मत मिले और तीन मत अवैध पाए गए।
सहसचिव पद पर निशा आर्य ने 70 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 51 मत मिले और चार मत अवैध रहे। कोषाध्यक्ष पद पर अमृता निर्विरोध निर्वाचित हुईं। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर मनोज लाल ने 69 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 53 मत मिले और तीन मत अवैध घोषित किए गए।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोरी महाविद्यालय प्रशासन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की सूची श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय को भेज दी।
छात्रहित के मुद्दों पर अब रहेगी नजर
तीनों महाविद्यालयों में चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ छात्रसंघों का नया नेतृत्व सामने आ गया है। अब नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सामने छात्र-छात्राओं से जुड़े मुद्दों, महाविद्यालय में छात्र सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्थाओं और अन्य समस्याओं को प्रशासन एवं विश्वविद्यालय के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने की जिम्मेदारी होगी।


