- प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा काल को समर्पित रहा उत्तरकाशी का सेवा संकल्प कार्यक्रम, विकसित भारत-2047 का लिया संकल्प
उत्तरकाशी, 7 अक्टूबर। नीरज उत्तराखंडी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित सेवा संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर में प्रधानमंत्री के नाम से विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सभा में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की यात्रा बताते हुए विकसित भारत-2047 के निर्माण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
सरकार योजनाओं को लेकर लोगों के दरवाजे तक पहुंच रही : धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है। सरकार को केवल कार्यालयों और फाइलों तक सीमित न रखकर जनता के दरवाजे तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने केदारनाथ की धरती से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने का आह्वान किया था। इसी विजन के अनुरूप प्रदेश में रेल, उद्योग, पर्यटन, रोजगार और पलायन रोकने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।
20 हजार से अधिक नए उद्योग, लखपति दीदियों की संख्या तीन लाख पार
धामी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुने से अधिक वृद्धि हुई है और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल क्षेत्र में 25 प्रतिशत और होमस्टे में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने एसडीजी इंडेक्स में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है तथा लगातार चार वर्षों से मोस्ट फिल्म फ्रेंडली अवॉर्ड भी प्रदेश को मिला है। मुख्यमंत्री ने पूर्ण साक्षर राज्य की उपलब्धि का भी उल्लेख किया।
चारधाम यात्रा में 56 लाख से अधिक श्रद्धालु
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित बनाने के प्रयासों के परिणाम सामने आ रहे हैं। इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा ने पिछले रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।
उत्तरकाशी में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जिनमें 26 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 24 योजनाओं पर कार्य जारी है।
यूसीसी और नकल विरोधी कानून का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। उन्होंने धर्मांतरण कानून, दंगा रोधी कानून और भू-कानून समेत राज्य सरकार की अन्य नीतियों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी एवं योग्यता आधारित प्रक्रिया से सरकारी नौकरी मिली है।
विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर बनाने की घोषणा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं। कॉरिडोर के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के पीएचसी धौंतरी के उच्चीकरण के प्रस्ताव का परीक्षण कराने की बात कही। भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की मांग के संबंध में भारत सरकार को पत्र भेजे जाने तथा शीघ्र स्वीकृति के लिए प्रयास करने की बात भी कही।
उन्होंने डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरिमहाराज सौड़ बुग्याल सहित अन्य पर्यटन स्थलों को मानचित्र पर निर्धारित करने और सौंदर्यीकरण की दिशा में कार्य आगे बढ़ाने की घोषणा की।
जिला अस्पताल का नाम स्वर्गीय विधायक गोपाल सिंह रावत के नाम पर करने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिला अस्पताल में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही अस्पताल का नाम दिवंगत विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर करने की घोषणा की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार, राम सुंदर नौटियाल, जगत सिंह चौहान, श्याम डोभाल, जनानंद नौटियाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






