त्यूणी/देहरादून, 24 अक्टूबर।नीरज उत्तराखंडी
त्यूणी क्षेत्र के एक विद्युत लाइनमैन ने दो कांग्रेसी नेताओं पर अपनी बेटियों को कांग्रेस में शामिल कराने के लिए दबाव बनाने, फोन पर गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को प्रार्थना-पत्र दिया है।
एसएसपी को दिए प्रार्थना-पत्र के अनुसार शिकायतकर्ता ग्राम छुमरा, खत देवगार, तहसील त्यूणी का निवासी है और विद्युत विभाग के उपखंड चकराता के त्यूणी सब-स्टेशन में लाइनमैन के पद पर कार्यरत है। उसकी दोनों बेटियां त्यूणी स्थित राजकीय महाविद्यालय में अध्ययनरत हैं और हालिया छात्रसंघ चुनाव में क्रमशः सचिव तथा सहसचिव पद पर चुनाव में प्रतिभाग कर चुकी हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि चमन सिंह और राजपाल सिंह, निवासी ग्राम बिरनाड़, तहसील त्यूणी ने उसे फोन कर दोनों बेटियों को कांग्रेस पार्टी में शामिल कराने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि फोन पर गाली-गलौज और धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके मोबाइल फोन में सुरक्षित है।
प्रार्थना-पत्र में आगे आरोप लगाया गया है कि फोन पर हुई बातचीत रिकॉर्ड होने की जानकारी मिलने के बाद दोनों नेताओं की ओर से उसे और उसके परिवार को देख लेने की धमकी दी जाने लगी।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित लोग कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ त्यूणी स्थित बिजलीघर पहुंचे और उसके बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उस समय शिकायतकर्ता वहां मौजूद नहीं था, जबकि एक कर्मचारी ने उन्हें उसके बिजलीघर से चले जाने की जानकारी दी।
शिकायतकर्ता ने स्वयं को दिव्यांग बताते हुए कहा है कि कथित धमकियों से वह और उसका परिवार भयभीत हैं। उसने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई तथा जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
हालांकि, प्रार्थना-पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस जांच और दोनों पक्षों का पक्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






