उत्तरकाशी/पुरोला, 14 नवंबर 2026-नीरज उत्तराखंडी
- मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी
विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। जिला मुख्यालय के विकास भवन स्थित बाल विकास कार्यालय के साथ ही पुरोला और मोरी तहसील परिसर में कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार के प्रति नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि मांगों के संबंध में शासनादेश जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
जिला मुख्यालय में संगठन की जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी नौटियाल के नेतृत्व में भटवाड़ी विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। वहीं, पुरोला में जिलाध्यक्ष सीमा सोनी और ब्लॉक अध्यक्ष निर्मला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। मोरी तहसील परिसर में ब्लॉक अध्यक्ष मेनका चौहान की अध्यक्षता में धरना दिया गया।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने तथा सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की धनराशि देने की मांग उठाई। उन्होंने बायोमेट्रिक मशीन से उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मुक्त रखने की मांग भी की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणाओं के संबंध में जल्द शासनादेश जारी किया जाना चाहिए। साथ ही सेवानिवृत्ति की धनराशि को लेकर शासनादेश जारी होने के बाद ही मानदेय से 300 रुपये की कटौती का प्रस्ताव लागू करने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।






