संस्कृति, आस्था और मनोरंजन के रंगों से सजेगा श्रीनगर का बैकुंठ चतुर्दशी मेला, 23 नवंबर से होगा भव्य आगाज

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे मेले का शुभारंभ, लोक संस्कृति से लेकर खेल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक दिखेगा उत्तराखंड का रंग; मेयर आरती भंडारी ने जारी की कार्यक्रमों की रूपरेखा श्रीनगर गढ़वाल। जयप्रकाश नोगाई  आस्था, परंपरा, लोक संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम एक बार फिर श्रीनगर की धरती पर सजने जा रहा है। ऐतिहासिक […]

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे मेले का शुभारंभ, लोक संस्कृति से लेकर खेल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक दिखेगा उत्तराखंड का रंग; मेयर आरती भंडारी ने जारी की कार्यक्रमों की रूपरेखा

श्रीनगर गढ़वाल। जयप्रकाश नोगाई 

आस्था, परंपरा, लोक संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम एक बार फिर श्रीनगर की धरती पर सजने जा रहा है। ऐतिहासिक एवं पौराणिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला-2026 का शुभारंभ 23 नवंबर से होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस बार नगर निगम ने मेले को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के साथ ही उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत, खेल प्रतिभाओं और स्थानीय कलाकारों को विशेष मंच देने की पहल की है। महापौर आरती भंडारी ने मेले के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सूची जारी करते हुए बताया कि इस वर्ष मेले में कई नए आकर्षण देखने को मिलेंगे।

महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रीनगर की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य बनाने के लिए नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। स्थानीय परंपराओं के साथ आधुनिक आकर्षणों को भी शामिल किया गया है, ताकि हर आयु वर्ग के लोगों को मेले में अपनी रुचि के अनुरूप कार्यक्रम देखने और उनमें भाग लेने का अवसर मिले।

उन्होंने बताया कि इस बार कमलेश्वर महादेव मंदिर के साथ ही शहर के प्रमुख मंदिरों को भी आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। मेले में स्थानीय और उत्तराखंड के कलाकारों को प्राथमिकता देते हुए मंच प्रदान किया गया है। साथ ही, पुरानी वीर गाथाओं को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पुनर्जीवित करने और श्रीनगर में खेल गतिविधियों को नई पहचान देने का प्रयास किया गया है।

लोक संस्कृति, वीर गाथाओं और पहाड़ी परिधानों की दिखेगी झलक : इस बार मेले का विशेष आकर्षण गढ़-कुमाऊं (पहाड़ी) परिधान प्रतियोगिता, ढोल सागर, चक्रव्यूह, द्रौपदी स्वयंवर, सुमाड़ी कु पंथ्या दादा की वीर गाथा और वीर माधो सिंह भंडारी पर आधारित नृत्य-नाटिका होगी। इन आयोजनों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और वीरता की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फुटबॉल प्रतियोगिता की भी विशेष पहल की गई है। अंडर-19 और अंडर-14 वर्ग में फुटबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित कर श्रीनगर में फुटबॉल की पुरानी पहचान को फिर से मजबूत करने का प्रयास होगा। इसके अलावा कैरम, शतरंज, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, रस्साकशी और पिठ्ठू जैसी प्रतियोगिताएं भी मेले का हिस्सा होंगी।

23 से 29 नवंबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम :

  • मेले के पहले दिन 23 नवंबर को शाम छह बजे सीतापुर नेत्र चिकित्सालय प्रांगण में भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें प्रसिद्ध लोकगायिका हेमा नेगी करासी अपनी प्रस्तुति देंगी।
  • 24 नवंबर को शाम छह बजे से ‘रमछौल’ कार्यक्रम में लोकगायक किशन महिपाल, अमित खरे, रजनीकांत सेमवाल, अनुराग कांत, लता तिवारी पांडेय और रेखा उनियाल अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को लोक संस्कृति के रंगों से रूबरू कराएंगे।
  • 25 नवंबर को दोपहर दो बजे जूनियर वर्ग (अंडर-13) की ‘श्रीनगर के सितारे’ प्रतियोगिता और शाम छह बजे सीनियर वर्ग का आयोजन होगा। इसी दिन स्थानीय युवाओं का सूफी बैंड ‘रंगत’ भी अपनी प्रस्तुति देगा। कार्यक्रम आवास विकास मैदान में होंगे।
  • 26 नवंबर को दोपहर 12 बजे गोला बाजार में गढ़-कुमाऊं पहाड़ी परिधान प्रतियोगिता और ढोल सागर का आयोजन किया जाएगा। शाम छह बजे आवास विकास मैदान में गढ़वाली कवि सम्मेलन होगा। नटराज डांस ग्रुप और पंचतत्व बैंड भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
  • 27 नवंबर को दोपहर 12 बजे चक्रव्यूह और शाम पांच बजे द्रौपदी स्वयंवर का मंचन होगा। इसके बाद शाम को गढ़वाली नाइट में लोकगायक सौरव मैठाणी, मीणा राणा, विवेक नौटियाल, अमित सागर, अंजलि खरे और अंजू नेगी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
  • 28 नवंबर को दोपहर दो बजे डॉग शो, बेबी शो और बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। शाम छह बजे संकल्प खेतवाल एंड बैंड की स्टार नाइट होगी।
  • 29 नवंबर को शाम छह बजे सुमाड़ी कु पंथ्या दादा और वीर माधो सिंह भंडारी की वीर गाथा पर आधारित विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी, जो मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगी।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, जल क्रीड़ा भी बनेगी आकर्षण : 30 नवंबर से दो दिसंबर तक विद्यालयी स्तर पर खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें कैरम, शतरंज, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, रस्साकशी और बास्केटबॉल शामिल हैं। वहीं, प्रतिदिन धारी देवी मंदिर के निकट ‘मिनी गोवा बीच’ में जल क्रीड़ा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जो पर्यटकों और युवाओं के लिए खास आकर्षण रहेंगी।

महापौर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं, कलाकारों, खिलाड़ियों और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को पहचान दिलाने का बड़ा मंच बने। उन्होंने सभी नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर कार्यक्रमों का आनंद लेने और श्रीनगर की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा बनने की अपील की।

निमंत्रण पत्र पर QR कोड, एक स्कैन में मिलेगी मेला स्थल की लोकेशन : मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने इस बार डिजिटल तकनीक का भी सहारा लिया है। महापौर आरती भंडारी ने बताया कि मेले के निमंत्रण पत्र (इनविटेशन कार्ड) के प्रथम पृष्ठ पर विशेष QR कोड लगाया गया है। इसे मोबाइल से स्कैन करते ही मेला स्थल की लोकेशन प्राप्त हो जाएगी। इससे बाहर से आने वाले लोगों को मेला स्थल तक पहुंचने में आसानी होगी। नगर निगम की यह पहल मेले को अधिक सुविधाजनक और तकनीक के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Also Read This

बड़ी खबर : बोलने का मौका न मिलने पर भड़के विधायक हरीश धामी । फेंका माइक,तोड़ी कुर्सियां

धारचूला (पिथौरागढ़)। उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह...

एक्शन: 220 ग्राम चरस के साथ दो युवक गिरफ्तार, मोटर साइकिल सीज़

कृष्णा खड्ड के पास 220 ग्राम चरस के साथ दो युवक गिरफ्तार बड़कोट पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल की सीजबड़कोट/उत्तरकाशी, 14...
Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

Related Posts