- ITM देहरादून के छात्रों ने कबाड़ से बना दिए ड्रोन, ‘Droneverse’ में सभी ने भरी उड़ान; ₹10 हजार का मिला पहला पुरस्कार
देहरादून, 17 नवंबर 2026:रिपोर्ट- अश्वनी राजपूत
तकनीक और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला ITM देहरादून में, जहां छात्रों ने कबाड़ और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं से नौ पूरी तरह काम करने वाले ड्रोन तैयार कर सभी को हैरान कर दिया।
संस्थान के डिपार्टमेंट ऑफ टेक्नोलॉजी की ओर से आयोजित ‘Droneverse’ कार्यक्रम में छात्रों ने अपने बनाए ड्रोन का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि सभी नौ ड्रोन सफलतापूर्वक उड़ान भरने में कामयाब रहे।
कार्यक्रम का उद्घाटन ITM सनस्टोन के चेयरमैन निशांत थपलियाल और कैंपस हेड डॉ. अमन चड्ढा ने किया। इस दौरान छात्रों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा, नवाचार और प्रयोगात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।
कंप्यूटर के कबाड़ से लेकर आइसक्रीम स्टिक तक का किया इस्तेमाल
Droneverse की खासियत यह रही कि छात्रों ने ड्रोन बनाने के लिए महंगे उपकरणों के बजाय कंप्यूटर के पुराने पार्ट्स, आइसक्रीम स्टिक, ज्वेलरी बॉक्स और अन्य उपलब्ध सामग्रियों का इस्तेमाल किया। इन सामान्य वस्तुओं को तकनीकी कौशल और रचनात्मक सोच के जरिए उपयोगी ड्रोन में बदल दिया गया।
कार्यक्रम में तैयार किए गए सभी नौ ड्रोन पूरी तरह काम करने वाले साबित हुए और उन्होंने सफलतापूर्वक उड़ान भरी। यह आयोजन छात्रों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक तकनीकी प्रयोग करने का अवसर देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
BCA, B.Sc. IT और B.Tech के छात्रों ने लिया हिस्सा
इस प्रतियोगिता में डिपार्टमेंट ऑफ टेक्नोलॉजी के सभी वर्षों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसमें BCA, B.Sc. IT और B.Tech के प्रथम से तृतीय वर्ष तक के विद्यार्थी शामिल रहे।
प्रतियोगिता में प्रथम वर्ष के छात्रों ने पहला स्थान हासिल करते हुए 10,000 रुपये का पुरस्कार जीता। वहीं, प्रथम उपविजेता को 5,000 रुपये और द्वितीय उपविजेता को 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
पिछले साल 11 रोबोट बनाकर भी बटोरी थी सुर्खियां
ITM देहरादून के डिपार्टमेंट ऑफ टेक्नोलॉजी की ओर से छात्रों को व्यावहारिक तकनीकी अनुभव देने की यह पहल पिछले वर्ष भी देखने को मिली थी। पिछले साल आयोजित रोबोटिक्स कार्यक्रम में छात्रों ने 11 रोबोट तैयार किए थे। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष Droneverse का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने नौ काम करने वाले ड्रोन बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का समन्वय डिपार्टमेंट ऑफ टेक्नोलॉजी की सुश्री वी. संध्या रानी ने किया। इसका आयोजन विभागाध्यक्ष डॉ. दिव्या ध्यानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।






