घटना गुरुवार दोपहर करीब 1:45 बजे की है। हरिद्वार से देहरादून की ओर जा रही रोडवेज बस नेपालीफार्म के पास पहुंची ही थी कि अचानक उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुआं आग की लपटों में बदल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया।
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बस में अचानक आग लगने से यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि, चालक ने बिना देर किए यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया। यदि समय रहते बस नहीं रोकी जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली रायवाला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
आधे घंटे तक बाधित रहा हाईवे पर यातायात
बस में आग लगने की घटना के चलते हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। नेपालीफार्म के पास करीब आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आग बुझने के बाद यातायात सुचारू कराया।
वहीं, बस से सुरक्षित उतारे गए यात्रियों को परिवहन निगम की दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित रहे।





