रिपोर्ट : गिरीश चंदोला
थराली / पहाड़ में सड़क सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने का रास्ता भी है। सरकार भले ही प्रदेश के अंतिम छोर तक सड़क पहुंचाने के दावे करती हो, लेकिन पहाड़ के कई गांवों की जमीनी हकीकत आज भी इन दावों से अलग है। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को बीमारों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को पैदल रास्तों से सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। चमोली जिले के कर्णप्रयाग विकासखंड में सामने आया एक मामला पहाड़ की इसी पीड़ा को उजागर कर रहा है, जहां प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा और उसने रास्ते में ही बेटी को जन्म दे दिया।
मामला ग्राम पंचायत गनोली के मोली तोक का है। यहां निवासी 24 वर्षीय गायत्री देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन गांव तक सड़क नहीं होने के कारण उन्हें करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ा। इस दौरान लंगासू-मैखुरा मोटर मार्ग पर स्वर्का के समीप महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई और उसने सड़क किनारे ही बेटी को जन्म दे दिया।
ग्राम प्रधान कुसुम देवी, आशा कार्यकर्ता और महिला के पति ने किसी तरह महिला को संभाला और बाद में निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार को जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक सड़क पहुंचाने की मांग कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक सड़क निर्माण नहीं हो पाया है। सड़क के अभाव में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं पीएमजीएसवाई लोनिवि के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार के अनुसार, गैन-कांचुला-सैंजकट्टा सड़क की डीपीआर पीएमजीएसवाई-4 के तहत तैयार कर वित्तीय स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
आखिर कब तक पहाड़ के ग्रामीण सड़क के इंतजार में अपनी जिंदगी और स्वास्थ्य को जोखिम में डालते रहेंगे? सड़क के सरकारी दावों और गांवों की जमीनी हकीकत के बीच की दूरी आज भी पहाड़ के लोगों की सबसे बड़ी पीड़ा बनी हुई है।





