देहरादून: उत्तराखंड में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बाद अब प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल जिलों में जिला प्रशासन ने सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
गौरतलब है कि देहरादून जिले में भी शुक्रवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया जा चुका है। ऐसे में अब लगातार तीन जिलों—देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल—में मौसम को देखते हुए स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
नैनीताल में भारी बारिश का रेड अलर्ट
जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने जिले के लिए ‘टेक एक्शन’ (रेड वार्निंग) जारी की है। मौसम विभाग ने 10 जुलाई को जिले में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, तेज गर्जना, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का भी खतरा बना हुआ है।
इसी को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों और समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई को अवकाश घोषित किया गया है।

पौड़ी गढ़वाल में भी स्कूल रहेंगे बंद
जिला मजिस्ट्रेट पौड़ी गढ़वाल द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
संभावित खतरे को देखते हुए जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विशेष रूप से नदी, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और संबंधित अधिकारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





