छत्तीसगढ़ के तीन अधिकारियों ने किया खनन व्यवस्था का अध्ययन
खनन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की ओर से जारी पत्र संख्या 3418/ESTB/30733/2026-DGM SECTION, दिनांक 19 नवंबर 2026 के क्रम में 23 नवंबर को छत्तीसगढ़ के तीन अधिकारी उत्तराखंड पहुंचे।
इनमें संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार मिश्रा, संयुक्त निदेशक भूपेन्द्र कुमार और खान निरीक्षक राजू यादव शामिल रहे। अधिकारियों ने भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय पहुंचकर निदेशक राजपाल लेघा से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान उत्तराखंड की खनन नीति, नियमावली और एमडीटीएसएस योजना के अंतर्गत स्थापित ई-चेक गेट प्रणाली को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ के अधिकारियों ने राज्य में लागू इस व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझा और इसकी सफलता से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली।
ई-चेक गेटों का किया मौका निरीक्षण
बैठक के बाद छत्तीसगढ़ से आए अधिकारियों ने उत्तराखंड में स्थापित ई-चेक गेटों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खनन गतिविधियों की निगरानी और व्यवस्था के संचालन से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
उत्तराखंड की खनन व्यवस्था दूसरे राज्यों के अधिकारियों का ध्यान पहले भी आकर्षित कर चुकी है। विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित अन्य राज्यों के खनन विभागों के अधिकारी भी उत्तराखंड की खनन नीति और व्यवस्था का अध्ययन करने के लिए प्रदेश का दौरा कर चुके हैं।
इससे उत्तराखंड की खनन नीति और ई-चेक गेट प्रणाली को दूसरे राज्यों के सामने एक संभावित मॉडल के रूप में प्रस्तुत किए जाने की दिशा में विभाग के प्रयासों को बल मिला है।
इस अवसर पर खान अधिकारी ताजबर नेगी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गुणानन्द खण्डूडी और आईटीआई कंपनी के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।





